दिल्ली में बढ़ते लापता मामलों के बीच स्मार्टफोन का Emergency SOS और लाइव लोकेशन जैसे फीचर्स अहम साबित हो सकते हैं। ये फीचर्स इमरजेंसी में तुरंत अलर्ट भेजते हैं और मूवमेंट ट्रैक करने में मदद करते हैं। समय पर इस्तेमाल से शुरुआती घंटों में राहत मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
Emergency SOS and Live Location Feature: दिल्ली में हाल के दिनों में लोगों के लापता होने के मामलों ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ऐसे मामलों में इमरजेंसी के शुरुआती घंटे बेहद अहम होते हैं। इसी जरूरत को देखते हुए स्मार्टफोन में मौजूद Emergency SOS, लाइव लोकेशन शेयरिंग और बैटरी सेविंग जैसे फीचर्स काम आते हैं। ये फीचर्स फोन यूजर के साथ उनके परिवार और भरोसेमंद कॉन्टैक्ट्स को तुरंत अलर्ट भेजते हैं, जिससे समय रहते मदद पहुंचाने की कोशिश की जा सकती है।
Emergency SOS कैसे कर सकता है मदद
स्मार्टफोन में मौजूद Emergency SOS फीचर इमरजेंसी की स्थिति में तुरंत अलर्ट भेजने का काम करता है। iPhone में साइड बटन को तय संख्या में दबाने पर इमरजेंसी सर्विस और पहले से सेव कॉन्टैक्ट्स को मैसेज चला जाता है।
एंड्रॉयड फोन में भी पावर बटन के जरिए SOS एक्टिव किया जा सकता है। कई मामलों में यह फीचर इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स के साथ लाइव लोकेशन भी शेयर करता है, जिससे समय रहते मदद पहुंचने की संभावना बढ़ जाती है।

लाइव लोकेशन से बढ़ती है ट्रैकिंग की उम्मीद
लाइव लोकेशन शेयरिंग इमरजेंसी के वक्त सबसे उपयोगी फीचर्स में से एक है। Google Maps और Apple की Find My जैसी ऐप्स रियल टाइम लोकेशन शेयर करने का विकल्प देती हैं।
अगर कोई व्यक्ति रात में अकेले सफर कर रहा हो या कैब से लौट रहा हो, तो भरोसेमंद लोगों के साथ लोकेशन शेयर करना एक समझदारी भरा कदम हो सकता है। इससे परिवार या दोस्त मूवमेंट पर नजर रख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई कर सकते हैं।
बैटरी बची तो मदद की उम्मीद भी
इमरजेंसी के दौरान फोन की बैटरी खत्म हो जाना बड़ी परेशानी बन सकता है। ऐसे में बैटरी सेविंग मोड काम आता है, जो बैकग्राउंड एक्टिविटीज कम करके फोन को ज्यादा देर तक चालू रखता है।
इससे कॉल रिसीव करना, अलर्ट भेजना और लोकेशन शेयरिंग जैसे जरूरी काम लंबे समय तक संभव हो पाते हैं। हालांकि यह फीचर सुरक्षा की गारंटी नहीं देता, लेकिन मुश्किल हालात में मदद का रास्ता खुला रखता है।









