जमुई। जिले में प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी (डीएम) ने विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। बैठक में विशेष रूप से मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सात निश्चय-2 से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर जोर दिया गया।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समृद्धि यात्रा के दौरान विकास कार्यों की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगाई जा रही सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कई जगहों पर लापरवाही और खराब व्यवस्था की शिकायतें सामने आने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर लाइट खराब है या ठीक से काम नहीं कर रही है, उसे जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए।
डीएम ने यह भी कहा कि सात निश्चय-2 के तहत चल रही योजनाएं सरकार की प्राथमिकता में हैं। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और योजनाओं को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करें। उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने को भी कहा।
प्रशासन का कहना है कि समृद्धि यात्रा के मद्देनजर जिले में विकास कार्यों की गति तेज की जा रही है ताकि जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके और सरकारी परियोजनाओं की प्रगति स्पष्ट रूप से दिखाई दे।










