यूपी सरकार के रोजगार संगम पोर्टल के जरिए जापान में केयरगिवर और नर्सिंग से जुड़ी नौकरियों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। चयनित उम्मीदवारों को करीब ₹1.16 लाख मासिक सैलरी मिलेगी। आवेदन की अंतिम तारीख 31 मई 2026 तय की गई है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने हेल्थकेयर सेक्टर में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए जापान में नौकरी का अवसर उपलब्ध कराया है। रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से Caregiver Jobs in Japan के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। इस भर्ती अभियान के तहत नर्सिंग और हेल्थकेयर से जुड़े योग्य उम्मीदवारों को जापान में केयरगिवर के पदों पर नियुक्त किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 31 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जापान में केयरगिवर पदों पर होगी भर्ती
उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में जापान में केयरगिवर पदों पर भर्ती निकाली गई है। भर्ती प्रक्रिया की जिम्मेदारी NSDC इंटरनेशनल लिमिटेड को दी गई है। इस अभियान के तहत कुल 50 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

चयनित उम्मीदवारों को जापान के केयर होम्स में बुजुर्गों की देखभाल का काम करना होगा। इसमें मरीजों को खाना खिलाना, दैनिक जरूरतों में सहायता करना और देखरेख से जुड़ी जिम्मेदारियां शामिल रहेंगी। नौकरी फुल-टाइम होगी और पोस्टिंग जापान के किसी भी शहर में दी जा सकती है।
₹1 लाख से ज्यादा मिलेगी सैलरी
इस नौकरी के लिए चयनित उम्मीदवारों को लगभग ₹1,16,976 प्रति माह सैलरी दी जाएगी। कर्मचारियों को सप्ताह में 5 दिन काम करना होगा और रोजाना 8 घंटे की ड्यूटी रहेगी। कॉन्ट्रैक्ट की अवधि 5 साल तय की गई है।
इसके अलावा उम्मीदवारों को सालाना 110 छुट्टियां भी मिलेंगी। हालांकि जापान जाने, रहने, मेडिकल इंश्योरेंस और फ्लाइट टिकट का खर्च उम्मीदवारों को खुद उठाना होगा। कंपनी की ओर से केवल वीजा और जरूरी डॉक्यूमेंटेशन में सहायता प्रदान की जाएगी।
आवेदन के लिए जरूरी योग्यता
इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की उम्र 20 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार के पास GDA, ANM, GNM, BSc Nursing, जेरियाट्रिक केयर असिस्टेंट या हेल्थकेयर से जुड़े किसी मान्यता प्राप्त कोर्स की डिग्री या डिप्लोमा होना जरूरी है।
आवेदकों के पास कम से कम 3 महीने का अनुभव मांगा गया है। फ्रेशर्स के लिए हेल्थकेयर सेक्टर में इंटर्नशिप या OJT का अनुभव अनिवार्य रहेगा। उम्मीदवारों को अंग्रेजी भाषा की समझ होनी चाहिए।
भर्ती प्रक्रिया में चयन होने के बाद उम्मीदवारों को ग्रेटर नोएडा में 9 महीने तक जापानी भाषा की ट्रेनिंग दी जाएगी। यह ट्रेनिंग N3 लेवल तक होगी और इसे फुल-टाइम मोड में पूरा करना होगा।
31 मई तक कर सकेंगे आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार उत्तर प्रदेश सरकार के रोजगार संगम पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नए उम्मीदवारों को पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन करते समय आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पासपोर्ट और अनुभव प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तारीख 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।









