बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के बाद हाल ही में नीतीश कुमार ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर मीडिया और राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं उभर रही हैं।
Bihar Politics 2025: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हालिया दिल्ली यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह से हुई मुलाकात के बाद राज्य की सियासत में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने एक सनसनीखेज दावा कर राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स और राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में संभावित एंट्री को लेकर भी बातचीत हुई हो सकती है। हालांकि, इस पर न तो जेडीयू और न ही बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है।
RJD का दावा: BJP नीतीश कुमार से चाहती है छुटकारा
बुधवार, 24 दिसंबर 2025 को एक टीवी इंटरव्यू में RJD के प्रवक्ता एजाज अहमद ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) शीर्ष नेतृत्व अब नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर बनाए रखने के पक्ष में नहीं है। एजाज अहमद ने कहा, बीजेपी की मजबूरी में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने हैं। चुनाव परिणाम ऐसे आए कि उन्हें सीएम बनाना पड़ा, लेकिन अब बीजेपी उनसे छुटकारा चाहती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी नेतृत्व यह मान रहा है कि नीतीश कुमार अब मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और सार्वजनिक मंचों पर उनका व्यवहार इस ओर इशारा करता है।
JDU के भीतर भी असंतोष का दावा

RJD प्रवक्ता ने आगे कहा कि जेडीयू के भीतर भी एक धड़ा ऐसा है, जिसे उन्होंने “भुंजा पार्टी” कहा, जो नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाना चाहता है। उनके मुताबिक, जेडीयू के अंदर बीजेपी की विचारधारा से जुड़े लोग निशांत कुमार को आगे कर अपनी राजनीति को मजबूत करना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा या नहीं, यह जेडीयू का आंतरिक मामला है।
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार, जो पेशे से इंजीनियर हैं, अब तक सक्रिय राजनीति से दूर रहे हैं। लेकिन हाल के महीनों में उनके नाम को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। RJD के दावों ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। हालांकि, जेडीयू की ओर से अभी तक इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
महागठबंधन को लेकर RJD का रुख
जब एजाज अहमद से पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार के लिए एक बार फिर महागठबंधन के दरवाजे खुले हैं, तो उन्होंने कहा, जो भी हमारे विचारों के साथ महागठबंधन में आना चाहेगा, हम उसका स्वागत करेंगे। लेकिन बातचीत हमारी शर्तों पर होगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि नीतीश कुमार की दिल्ली यात्रा में बिहार के विकास से ज्यादा मुख्यमंत्री पद से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
RJD के आरोपों पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कहा कि RJD इस समय राजनीतिक संकट से गुजर रही है। उन्होंने कहा,
लालू प्रसाद यादव अस्वस्थ हैं, तेजस्वी यादव सक्रिय नहीं दिख रहे हैं और चुनाव में करारी हार के बाद RJD के नेता मानसिक दबाव में हैं। इसी वजह से इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं।










