झारखंड बोर्ड ने मैट्रिक और इंटर के परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख तय कर दी है। आवेदन 12 नवंबर से शुरू होंगे। छात्र 26 नवंबर तक बिना लेट फीस फॉर्म भर सकेंगे। बोर्ड परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से शुरू हो सकती हैं।
रांची: झारखंड में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले लाखों छात्रों के लिए जरूरी जानकारी सामने आई है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा फॉर्म भरने का कार्यक्रम जारी किया है। इसके मुताबिक, 12 नवंबर 2026 से आवेदन शुरू होंगे। वहीं, मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से कराए जाने की संभावना है। फिलहाल यह संभावित तारीख है। किस विषय का पेपर कब होगा, इसकी जानकारी अंतिम परीक्षा कार्यक्रम आने पर मिलेगी।
फरवरी में ही परीक्षा खत्म करने की तैयारी
झारखंड बोर्ड इस बार मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं फरवरी महीने में कराने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, पहला पेपर 5 फरवरी को हो सकता है। परीक्षाएं फरवरी के आखिरी सप्ताह तक पूरी कराने की योजना है।
अभी बोर्ड ने यह नहीं बताया है कि हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और दूसरे विषयों की परीक्षाएं किस दिन होंगी। ऐसे में छात्रों को विषयवार कार्यक्रम के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा।
![]()
जिन छात्रों ने अगले साल बोर्ड परीक्षा देनी है, उनके स्कूलों में भी अब परीक्षा फॉर्म भरवाने की तैयारी होगी। फॉर्म जमा होने के बाद बोर्ड आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा। परीक्षा केंद्र और एडमिट कार्ड की जानकारी बाद में मिलेगी।
12 नवंबर से भरे जाएंगे परीक्षा फॉर्म, देरी करने पर लगेगी अतिरिक्त फीस
झारखंड बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में बैठने वाले छात्रों के फॉर्म 12 नवंबर से भरने शुरू होंगे। इसके लिए 26 नवंबर तक का समय दिया गया है। इस तारीख तक आवेदन करने पर लेट फीस नहीं लगेगी। परीक्षा शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर रखी गई है।
जो छात्र 26 नवंबर तक फॉर्म नहीं भर पाएंगे, वे 27 नवंबर से 4 दिसंबर के बीच आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, उन्हें अतिरिक्त फीस देनी होगी। ऐसे आवेदनों का शुल्क 7 दिसंबर तक जमा कराया जा सकेगा। फॉर्म स्कूल और कॉलेज के माध्यम से भरे जाएंगे। छात्रों को कितने रुपये जमा करने हैं और कौन-से कागजात लगेंगे, इसकी जानकारी संबंधित स्कूल से मिलेगी।
दसवीं का पेपर सुबह, बारहवीं की परीक्षा दोपहर में
मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं के लिए अलग-अलग समय रखा गया है। दसवीं के छात्रों का पेपर सुबह 9:45 बजे शुरू होकर दोपहर एक बजे खत्म होगा। बारहवीं की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
अभी बोर्ड ने विषयों के हिसाब से पूरा कार्यक्रम जारी नहीं किया है। इसलिए किस तारीख को कौन-सा पेपर होगा, यह अंतिम डेटशीट आने के बाद ही पता चलेगा। परीक्षा केंद्र की जानकारी भी एडमिट कार्ड पर मिलेगी। छात्रों को उसी पर लिखे समय और निर्देशों के अनुसार परीक्षा देने पहुंचना होगा।
आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षा फरवरी के आखिरी सप्ताह में
झारखंड बोर्ड से आठवीं, नौवीं और 11वीं में पढ़ रहे छात्रों के पेपर भी फरवरी में होने की संभावना है। इन कक्षाओं की परीक्षाएं महीने के आखिरी सप्ताह से शुरू कराई जा सकती हैं।
फिलहाल इनके लिए भी विषयवार तारीखों की घोषणा नहीं हुई है। कौन-सा पेपर किस दिन लिया जाएगा, यह परीक्षा कार्यक्रम जारी होने पर साफ होगा। स्कूलों को भी उसी के अनुसार परीक्षा की व्यवस्था करनी होगी। छात्रों को अपने स्कूल से समय-समय पर जानकारी मिलती रहेगी।
फॉर्म में नाम और जन्मतिथि गलत न भरें
परीक्षा फॉर्म भरते समय छोटी-सी गलती भी बाद में परेशानी खड़ी कर सकती है। इसलिए छात्र अपना नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि और रजिस्ट्रेशन नंबर स्कूल के रिकॉर्ड से मिलाकर ही आवेदन करें।
बारहवीं के छात्र अपने रजिस्ट्रेशन कार्ड से जानकारी का मिलान कर सकते हैं। फॉर्म में लगने वाली फोटो और हस्ताक्षर भी बोर्ड के तय नियमों के अनुसार होने चाहिए। फोटो के आकार और अन्य शर्तों के बारे में स्कूल से जानकारी ले लें।
किसी छात्र के नाम या जन्मतिथि में पहले से गलती है तो उसे आवेदन जमा होने से पहले ही स्कूल को बताना चाहिए। ऐसा नहीं करने पर गलत जानकारी एडमिट कार्ड या बाद में मार्कशीट में भी आ सकती है।
झारखंड बोर्ड ने नियमित छात्रों के साथ प्राइवेट और पूर्व छात्रों के लिए भी परीक्षा फॉर्म उपलब्ध कराए हैं। फॉर्म और जरूरी नोटिस बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटjac.jharkhand.gov.in पर देखे जा सकते हैं।








