जंतर-मंतर पर पहली बार फैशन शो, मंत्री-सांसदों की मौजूदगी, डेजी शाह ने फिनाले में किया डांस

जंतर-मंतर पर पहली बार फैशन शो, मंत्री-सांसदों की मौजूदगी, डेजी शाह ने फिनाले में किया डांस

विश्व धरोहर जंतर-मंतर में आयोजित ‘हेरिटेज डोर सीजन-2’ फैशन शो ने इतिहास, संस्कृति और फैशन को जोड़ा। बॉलीवुड सितारे, नामी डिजाइनर्स, पारंपरिक राजस्थानी कलेक्शन और महिला दस्तकारों की भागीदारी ने इसे खास और यादगार बनाया।

jaipur: गुलाबी नगर जयपुर के जंतर-मंतर परिसर में आयोजित इस फैशन शो ने दर्शकों को एक अलग ही अनुभव दिया। विश्व धरोहर स्थल पर पहली बार रैम्पवॉक होने से यह आयोजन खास बन गया। ऐतिहासिक यंत्रों के बीच मॉडल्स जब रैम्प पर उतरे, तो फैशन और विरासत का अद्भुत तालमेल नजर आया। आयोजन का उद्देश्य जयपुर की सांस्कृतिक पहचान को फैशन के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाना रहा।

इस कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के मंत्री झाबर सिंह खर्रा और जयपुर सांसद मंजू शर्मा भी मौजूद रहे। दोनों ने इस पहल को संस्कृति और रचनात्मकता का अच्छा प्रयास बताया।

बॉलीवुड सितारे बने शो का आकर्षण

फैशन शो का सबसे बड़ा आकर्षण बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी रही। फिल्म ‘जय हो’ फेम अभिनेत्री डेजी शाह ने फिनाले में बतौर शो स्टॉपर रैम्पवॉक किया। उन्होंने डिजाइनर विशाल और प्रीति के कलेक्शन को प्रस्तुत किया। वहीं, अभिनेता शालीन भनोट ने डिजाइनर दिग्विजय सिंह के कलेक्शन के साथ शो स्टॉपर के रूप में वॉक किया। उनके रैम्प पर उतरते ही दर्शकों ने तालियों और मोबाइल कैमरों से उनका स्वागत किया।

एक्टर साहिल सलाथिया ने भी रैम्पवॉक किया। उन्होंने कहा कि विश्व धरोहर जंतर-मंतर में रैम्पवॉक करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने डिजाइनर वैशाली शादंगुले की तारीफ करते हुए कहा कि उनका पेरिस कुट्टूर शो में कलेक्शन जाना देश के लिए सम्मान की बात है।

राजस्थानी कलेक्शन से लेकर मॉडर्न डिजाइन तक

फैशन शो में कुल 10 इंटरनेशनल और नेशनल फैशन डिजाइनर्स ने अपने-अपने कलेक्शन पेश किए। इनमें वैशाली शादंगुले और सिद्धार्थ बंसल जैसे बड़े नाम शामिल रहे। डिजाइनर्स ने अपने कलेक्शन के जरिए फैशन इंडस्ट्री में हो रहे नए प्रयोगों को दर्शाया।

राजस्थानी ट्रेडिशनल राजपूती कलेक्शन ने भी दर्शकों का खूब ध्यान खींचा। इस कलेक्शन में पारंपरिक रंग, कढ़ाई और डिजाइनों को आधुनिक अंदाज में पेश किया गया। जोधपुर की युवरागी ने बतौर शो स्टॉपर रैम्पवॉक किया और जोधपुर के दस्तकारी ब्रांड के लिए मॉडलिंग की।

वहीं डिजाइनर सिद्धार्थ बंसल के कलेक्शन में कामकाजी महिलाओं की मजबूत और आत्मविश्वासी छवि को दिखाया गया। उनके डिजाइन में मेटल एम्ब्रॉयडरी, डोरी एम्ब्रॉयडरी के साथ-साथ क्रेप, ऑर्गेंजा, सैटिन, शिफॉन, कॉटन और सिल्क चंदेरी जैसे फैब्रिक्स का इस्तेमाल किया गया।

जंतर-मंतर के यंत्रों की जानकारी भी दी गई

फैशन शो के दौरान सिर्फ कपड़ों पर ही नहीं, बल्कि जंतर-मंतर की ऐतिहासिक अहमियत पर भी फोकस किया गया। शो के बीच-बीच में ऑडियंस को जंतर-मंतर के अलग-अलग यंत्रों की जानकारी दी गई। हर यंत्र की विशेषता और उसके वैज्ञानिक महत्व को सरल भाषा में समझाया गया, जिससे दर्शक इतिहास से भी जुड़ सके।

80 मॉडल्स ने किया कैटवॉक

शो डायरेक्टर अभिमन्यु सिंह तोमर के निर्देशन में यह फैशन शो आयोजित हुआ। 10 अलग-अलग फैशन सीक्वेंस में करीब 80 मेल और फीमेल मॉडल्स ने रैम्प पर कैटवॉक किया। किसी ने रेड ड्रेस में तो किसी ने व्हाइट ड्रेस में रैम्प पर अपनी छाप छोड़ी। हर सीक्वेंस में कपड़ों की नायाब कारीगरी और अलग थीम देखने को मिली।

महिला दस्तकारों को मिला मंच

इस आयोजन में महिला सशक्तिकरण पर भी खास ध्यान दिया गया। महिला उद्यमी रिमी शेखावत ने शो स्टॉपर के रूप में रैम्पवॉक किया। यह कलेक्शन राजीविका से जुड़ी महिला दस्तकारों द्वारा तैयार किया गया था। खास बात यह रही कि दस्तकार खुद भी मॉडल्स के साथ रैम्प पर वॉक करती नजर आईं, जिससे उनके हुनर को सीधा मंच मिला।

आयोजकों का उद्देश्य

आयोजक सोनाली खंडेलवाल, शिवाली गुप्ता और प्रिया दीवान ने बताया कि इस आयोजन का मकसद जयपुर की सांस्कृतिक विरासत को फैशन के जरिए वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना है। उनका कहना है कि हेरिटेज लोकेशन पर फैशन शो करने से न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों और डिजाइनर्स को भी पहचान मिलेगी।

Leave a comment