Kanpur में बदला मौसम, ठंडी हवाओं से पारा गिरा; 4-5 मई को बारिश और आंधी के आसार

कानपुर में ठंडी हवाओं व बारिश से तापमान गिरा, गर्मी से राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 4-5 मई को हल्की बारिश और उमस बढ़ने के आसार हैं।

कानपुर में ठंडी हवाओं और हालिया बारिश के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे गर्मी से राहत मिली। अगले दिनों में बादल, उमस और हल्की बारिश के साथ मौसम फिर बदलने के आसार हैं।

कानपुर: बदलते मौसम के बीच शनिवार को ठंडी हवाओं और बारिश के प्रभाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। कानपुर में बनी नमी के कारण मौसम फिलहाल संतुलित बना हुआ है। हालांकि, 4–5 मई के दौरान आंशिक बादल, बढ़ती उमस और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ मौसम एक बार फिर बदलने की संभावना जताई गई है।

ठंडी हवाओं ने बदला मौसम का मिजाज

Kanpur में बदला मौसम, ठंडी हवाओं से पारा गिरा; 4-5 मई को बारिश और आंधी के आसार

जागरण संवाददाता, कानपुर। शनिवार को शहर में मौसम ने करवट ली, जहां तेज धूप के बावजूद दिनभर चलने वाली ठंडी हवाओं ने गर्मी के असर को काफी हद तक कम कर दिया। तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली।

अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन के मुकाबले 2.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

बादलों की आवाजाही से बदलेगा असर

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम धीरे-धीरे बदलता नजर आएगा। सुबह के समय हल्की धूप और आंशिक बादलों की मौजूदगी से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है।

हालांकि, दिन चढ़ने के साथ बादलों के बीच धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ने की संभावना है। वातावरण में नमी अधिक होने के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

बारिश के आसार, उमस से राहत नहीं

मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, हाल ही में हुई बारिश के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है, जिससे तापमान नियंत्रित है। 8 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं ने गर्मी के असर को कम किया है।

उन्होंने बताया कि 4 से 5 मई के बीच तेज हवा के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि भी संभव है, लेकिन इसके बावजूद उमस पूरी तरह खत्म नहीं होगी और दिन में असहजता बनी रह सकती है।

स्वास्थ्य पर असर, सावधानी जरूरी

विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती नमी के कारण पसीना और चिपचिपी गर्मी लोगों को अधिक परेशान कर सकती है। ऐसे में शरीर पर इसका प्रभाव भी पड़ सकता है, खासकर दिन के समय थकान और असहजता बढ़ सकती है।

लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव करने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। मौसम के इस बदलाव के दौर में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, ताकि उमस और गर्मी से होने वाली समस्याओं से बचा जा सके।

Leave a comment