Karnataka: सिद्धारमैया का रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला जारी, मुख्यमंत्री पद पर टला फैसला, कांग्रेस हाईकमान जनवरी में करेगा बैठक

Karnataka: सिद्धारमैया का रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला जारी, मुख्यमंत्री पद पर टला फैसला, कांग्रेस हाईकमान जनवरी में करेगा बैठक

कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला जारी है। कांग्रेस हाईकमान जनवरी के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री पद पर अंतिम फैसला ले सकता है। डीके शिवकुमार के रोटेशन के प्रयास फिलहाल टल गए हैं।

Karnataka Politics: कर्नाटक में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर कांग्रेस में लंबे समय से खींचतान जारी है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार लंबे समय से आमने-सामने हैं। राज्य सरकार के ढाई साल पूरे होने के साथ ही दोनों नेताओं के बीच सत्ता संघर्ष और शह-मात का खेल शुरू हो गया है।

सिद्धारमैया फिलहाल मुख्यमंत्री बने हुए हैं, लेकिन डीके शिवकुमार के समर्थक मुख्यमंत्री पद रोटेशन की मांग कर रहे हैं। उनके समर्थक बेंगलुरु से दिल्ली तक पहुंचे थे, लेकिन वे सिद्धारमैया को पद से हटाने में सफल नहीं हुए। अब सीएम पद को लेकर फैसला कांग्रेस हाईकमान के पाले में है। माना जा रहा है कि जनवरी 2026 में दोनों नेता दिल्ली जाकर पार्टी नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे।

जनवरी में हो सकता है फैसला

राज्य कांग्रेस नेताओं का मानना है कि जनवरी के पहले हफ्ते में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक में मुख्यमंत्री पद पर फैसला किया जा सकता है। बैठक में यह तय किया जाएगा कि आगे किस तरह से सत्ता का नेतृत्व चलेगा। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच चल रही खींचतान का हल निकाला जा सकता है।

डीके शिवकुमार का रोटेशन का दावा

डीके शिवकुमार ने चार दिन पहले कहा था कि जब हाईकमान बुलाएगा, तो दोनों दिल्ली जाकर उनसे मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें फोन पर बताया है कि कब बुलाया जाएगा और वे उस कॉल का इंतजार कर रहे हैं। शिवकुमार के समर्थक 2023 में हुए सत्ता-साझाकरण समझौते का हवाला देते हुए मांग कर रहे हैं कि सीएम पद का रोटेशन किया जाए।

सिद्धारमैया का रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कर्नाटक के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले सीएम बनने के करीब हैं। अगर वह 6 जनवरी 2026 तक मुख्यमंत्री बने रहते हैं, तो वे पूर्व मुख्यमंत्री देवराज उर्स का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। देवराज उर्स 1972-77 और 1978-80 में दो कार्यकालों में कुल 7 साल 234 दिन मुख्यमंत्री रहे थे।

सिद्धारमैया ने पहली बार 13 मई 2013 से 17 मई 2018 तक मुख्यमंत्री पद संभाला। इसके बाद 20 मई 2023 को दूसरी बार मुख्यमंत्री बने और अब तक कुर्सी पर बने हुए हैं। यदि वे 7 जनवरी 2026 तक अपनी कुर्सी बनाए रखते हैं, तो कर्नाटक के इतिहास में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले मुख्यमंत्री बन जाएंगे।

कांग्रेस हाईकमान की रणनीति

कांग्रेस हाईकमान अभी तक सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की बैठक टाल रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व सिद्धारमैया को रिकॉर्ड बनाने का समय दे रहा है और जनवरी में बैठक के जरिए अंतिम निर्णय किया जाएगा। दोनों नेता हाईकमान के फैसले को स्वीकार करने का भरोसा दे रहे हैं, लेकिन अभी तक बैठक नहीं हो सकी है।

Leave a comment