वाराणसी में शनिवार को काशी और तमिलनाडु की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भाषाई विरासत का भव्य संगम होने जा रहा है। नमो घाट पर काशी-तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण का शुभारंभ उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस आयोजन के जरिए उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की कोशिश की जाएगी। कार्यक्रम में तमिलनाडु से आए प्रतिनिधियों के साथ शिक्षा, साहित्य, कला, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे।
काशी-तमिल संगमम् 5.0 का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक किया जाएगा। इस बार आयोजन की थीम तमिल के प्रसिद्ध प्राचीन ग्रंथ तिरुक्कुरल पर आधारित है। इसकी थीम ‘तिरुक्कुरल पयिलोम’ रखी गई है, जिसका अर्थ है ‘आइए तिरुक्कुरल का अध्ययन करें’। इस ग्रंथ के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को नैतिकता, जीवन मूल्यों, मानवीय संबंधों, शासन व्यवस्था और सामाजिक आचरण से जुड़ी शिक्षाओं से परिचित कराया जाएगा।
इस संस्करण में तमिलनाडु से सात समूहों में करीब 1750 प्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। प्रत्येक समूह में लगभग 250 सदस्य होंगे। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडिया से जुड़े लोग, किसान, कारीगर, महिलाएं और आध्यात्मिक क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। तमिलनाडु से मेहमानों का पहुंचना शुरू हो गया है। शुरुआती दल के बाद अलग-अलग समूहों में बाकी प्रतिनिधि भी काशी पहुंचेंगे। उनके लिए विशेष यात्रा और भ्रमण कार्यक्रम तैयार किया गया है।
आयोजन के दौरान प्रतिनिधियों को वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। काशी में मेहमान काशी विश्वनाथ मंदिर, रामनगर किला और भारत माता मंदिर सहित प्रमुख स्थलों को देखेंगे। इसके साथ ही गंगा आरती, गंगा स्नान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। प्रयागराज में त्रिवेणी संगम और अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। तमिल विरासत से जुड़े विशेष भ्रमण में महाकवि सुब्रमण्यम भारती के पैतृक घर, केदार घाट और काशी मठ को भी शामिल किया गया है।
काशी-तमिल संगमम् के दौरान बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन होगा। बीएचयू और आईआईटी बीएचयू इस कार्यक्रम के प्रमुख शैक्षणिक साझेदार हैं। 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक अलग-अलग समूहों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में तमिल साहित्य, भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और शिक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। प्रतिनिधियों को अपने अनुभव साझा करने और एक-दूसरे की परंपराओं को समझने का अवसर मिलेगा।
इस बार तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को उत्तर प्रदेश के विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए तमिलनाडु से 50 हिंदी जानने वाले शिक्षक भी आएंगे। ये शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के स्कूलों में विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल के विचारों और जीवन मूल्यों से परिचित कराएंगे। वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15 शिक्षकों की तैनाती की योजना है। इस पहल से करीब 3000 विद्यार्थियों को लाभ पहुंचने की उम्मीद है।
देशभर के एक हजार उच्च शिक्षण संस्थानों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक संस्थान से चयनित विद्यार्थी अपनी भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे और इसके विचारों को अपने कॉलेज और विश्वविद्यालय तक पहुंचाएंगे। चयनित विद्यार्थियों के लिए अध्ययन और शोध से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित शर्तें पूरी करने पर 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य तमिल साहित्य की महत्वपूर्ण रचना को देश की अलग-अलग भाषाओं और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचाना है।
बीएचयू परिसर में संगमम् के दौरान कई सांस्कृतिक गतिविधियां भी होंगी। शाम के समय भजन, नुक्कड़ नाटक, लोक संगीत, शास्त्रीय संगीत, रंगोली, पोस्टर डिजाइन, मेहंदी, फोटोग्राफी, कैलीग्राफी और डिजिटल आर्ट जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रमों के संचालन और तमिलनाडु से आने वाले मेहमानों की सहायता के लिए 1500 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। इसके अलावा तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के हस्तशिल्प तथा हथकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
नमो घाट पर सरकारी योजनाओं और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष स्टॉल भी तैयार किए गए हैं। इनमें एक जिला एक उत्पाद और एक जिला एक व्यंजन जैसी पहल से जुड़े उत्पाद देखने को मिलेंगे। आयोजन में शिक्षा मंत्रालय, आईआईटी मद्रास, बीएचयू, केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान और उत्तर प्रदेश सरकार सहित कई संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। काशी-तमिल संगमम् का समापन 12 दिसंबर को होगा। समापन सत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने का कार्यक्रम है।
काशी-तमिल संगमम् का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के लोगों के बीच आपसी संवाद, भाषा, साहित्य और ज्ञान परंपराओं की समझ को बढ़ाना भी है। इस आयोजन के जरिए काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है










