कोटा के सुभाष नगर सेकेंड इलाके में किराना दुकान में चोरी हुई। बदमाश नकदी सहित सिगरेट, पान मसाला और ड्राई फ्रूट ले गए। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है।
Rajasthan: घटना कोटा शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र स्थित सुभाष नगर सेकेंड इलाके की है। यहां 20 जनवरी तड़के बदमाशों ने एक थोक किराना दुकान को निशाना बनाया। पीड़ित व्यापारी अनिल मेड़तवाल ने बताया कि 19 जनवरी की रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे।
अगले दिन सुबह करीब 9 बजे जब उन्होंने दुकान खोली, तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान का सारा सामान बिखरा हुआ था और गल्ले में रखी 40 हजार रुपये की नकदी गायब थी। छत पर लगी खिड़की टूटी हुई मिली, जिससे चोरी की आशंका पुख्ता हो गई।
सीसीटीवी में कैद हुए दो बदमाश
घटना की सूचना मिलते ही व्यापारी ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में देखा गया कि रात लगभग दो बजे के बाद दो बदमाश दुकान के अंदर दाखिल हुए और चोरी कर फरार हो गए।

वीडियो में बदमाश काफी देर तक दुकान के अंदर घूमते नजर आए। वे बिना किसी जल्दबाजी के एक-एक कर सामान इकट्ठा करते रहे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश पहले से ही इलाके और दुकान की जानकारी रखते थे।
नकदी के साथ महंगा सामान भी ले गए
बदमाश दुकान से सिगरेट के अलग-अलग पैकेट, पान मसाला, गुटखा, काजू, बादाम, केसर, पिस्ता, किशमिश, अखरोट, देसी घी, तेल के टिन सहित कई महंगे सामान कट्टों में भरकर ले गए। इसके अलावा गल्ले में रखे 40 हजार रुपये भी चुरा लिए।
पीड़ित व्यापारी के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत 4 लाख रुपये से ज्यादा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश पड़ोसी की छत के सहारे दुकान की छत पर पहुंचे और वहां से खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना महावीर नगर थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की बात भी कही जा रही है।









