क्या गौतम गंभीर की होगी छुट्टी? BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने अफवाहों पर लगाया विराम

क्या गौतम गंभीर की होगी छुट्टी? BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने अफवाहों पर लगाया विराम

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर को लेकर पिछले कुछ दिनों से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। भारत के खराब टेस्ट प्रदर्शन के बाद यह कहा जा रहा था कि संभवतः गंभीर को उनके पद से हटा दिया जाएगा।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं। टीम इंडिया के हालिया खराब टेस्ट प्रदर्शन के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि क्या BCCI गंभीर को कोच पद से हटाने पर विचार कर रही है। अब इन तमाम कयासों पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने स्पष्ट बयान देकर सस्पेंस खत्म कर दिया है।

कोच बदलने की खबरें निराधार: राजीव शुक्ला

राजीव शुक्ला ने मीडिया में चल रही खबरों को खारिज करते हुए साफ कहा है कि गौतम गंभीर नवंबर 2027 तक भारतीय टीम के हेड कोच बने रहेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बोर्ड के स्तर पर न तो नए कोच की तलाश हो रही है और न ही गंभीर को हटाने को लेकर कोई योजना है। राजीव शुक्ला के अनुसार,

'मीडिया में कोच गौतम गंभीर को लेकर जो भी अफवाहें चल रही हैं, वे पूरी तरह बेबुनियाद हैं। BCCI सचिव देवजीत सैकिया भी पहले ही साफ कर चुके हैं कि कोच बदलने का कोई विचार नहीं है।'

गौतम गंभीर ने जुलाई 2024 में राहुल द्रविड़ के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था। उनके कार्यकाल में टीम इंडिया का टेस्ट प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। भारत को अपने ही घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-2 से टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा।

इन नतीजों के साथ ही गंभीर भारतीय क्रिकेट इतिहास के पहले ऐसे कोच बन गए, जिनके कार्यकाल में टीम इंडिया को घरेलू मैदान पर दो बार टेस्ट सीरीज में व्हाइटवॉश झेलना पड़ा। यह आंकड़े स्वाभाविक रूप से आलोचना का कारण बने।

आंकड़ों में गौतम गंभीर का टेस्ट रिकॉर्ड

गंभीर के मार्गदर्शन में भारत ने अब तक 19 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से टीम सिर्फ 7 मुकाबले जीत पाई है। इस जीत-हार के रिकॉर्ड ने फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच सवाल खड़े किए, लेकिन BCCI का मानना है कि कोच को पूरा समय और समर्थन दिया जाना चाहिए। BCCI ने साफ संकेत दिए हैं कि वह जल्दबाजी में कोई बड़ा फैसला नहीं लेना चाहती। बोर्ड का मानना है कि टीम इस समय एक ट्रांजिशन फेज से गुजर रही है और ऐसे दौर में कोच को हटाना समाधान नहीं होगा। इसी वजह से गौतम गंभीर को टीम सुधारने और अपनी रणनीतियों को लागू करने के लिए पूरा मौका दिया जाएगा।

गौतम गंभीर का BCCI के साथ अनुबंध नवंबर 2027 तक का है। बोर्ड के ताजा बयानों से यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि गंभीर इस पूरे कार्यकाल तक टीम के साथ बने रहेंगे, जब तक कि कोई असाधारण परिस्थिति उत्पन्न न हो।

Leave a comment