प्रयागराज – आज रात आसमान में इस वर्ष का अंतिम सुपर मून दिखाई देगा। पूर्णिमा के दौरान चंद्रमा पृथ्वी के काफी करीब होने के कारण यह सामान्य दिनों की तुलना में अधिक बड़ा और चमकीला नजर आएगा। खगोलविदों के अनुसार, यह चंद्रमा लगभग 10 प्रतिशत बड़ा और करीब 30 प्रतिशत अधिक चमकीला दिखाई देगा।
सूर्यास्त के बाद चंद्रमा पूर्व दिशा से उदय होगा।
रात के मध्य में यह आकाश में अपनी सबसे ऊंची स्थिति में पहुंचेगा। सुबह होने से पहले यह पश्चिम दिशा में अस्त हो जाएगा।
आसमान साफ होने पर इसे बिना किसी उपकरण के आसानी से देखा जा सकता है।
जब पूर्णिमा की रात चंद्रमा अपनी कक्षा के उस बिंदु पर होता है, जहां वह पृथ्वी के सबसे नजदीक होता है, तब उसे सुपर मून कहा जाता है। इस स्थिति में चंद्रमा बड़ा और अधिक चमकदार दिखाई देता है।
खुले स्थान से पूर्व दिशा की ओर देखें। रोशनी कम हो, ऐसी जगहों से देखने पर दृश्य अधिक सुंदर दिखाई देगा। क्षितिज के पास चंद्रमा को देखने पर बड़ा दिखाई देने वाला प्राकृतिक भ्रम और अधिक आकर्षक लगता है।









