लखनऊ में घर का ताला तोड़ते तीन चोर पकड़े गए, दो आरोपी हिस्ट्रीशीटर

लखनऊ में घर का ताला तोड़ते तीन चोर पकड़े गए, दो आरोपी हिस्ट्रीशीटर

लखनऊ के सरोजनी नगर कॉलोनी में चोरी करते तीन चोर पकड़े गए। आरोपियों में से दो हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, तीन कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की, मामले की जांच जारी है।

Uttar pradesh: लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र की एलडीए कॉलोनी, सेक्टर-एफ में रविवार रात करीब 2:40 बजे तीन चोर चोरी की नीयत से पहुंचे। ये तीनों अपाचे बाइक से आए थे। बाइक सड़क पर खड़ी कर वे एक घर का ताला तोड़ने लगे। घर के बाहर लगे CCTV में पूरी घटना रिकॉर्ड हो रही थी।

सामने वाले घर में कोई रात में जागा तो उसने स्क्रीन पर घर के सामने खड़े कुछ लोगों को देखा। उसने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस भी अलर्ट हो गई और कॉलोनीवासियों को चोरों को घेरने का निर्देश दिया।

स्थानीय लोगों ने चोरों को दबोचा

पुलिस की मदद से कॉलोनीवासियों ने चोरों को घेर लिया। चोरों ने जैसे ही भागने की कोशिश की, उनकी बाइक गिर गई और वे पकड़ में आ गए। चोरों के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

इस दौरान उनके पास से दो तमंचे बरामद किए गए। चोर घर का ताला तोड़ रहे थे, जबकि घर खाली था।

दो आरोपी हिस्ट्रीशीटर

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए तीन आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। अभिषेक सिंह उर्फ प्रदीप सिंह, मोतीझील कॉलोनी, ऐशबाग, लखनऊ का निवासी, उसके खिलाफ 8 मुकदमे दर्ज हैं। अमन यादव उर्फ सत्यम, राजाजीपुरम ई-ब्लॉक, लखनऊ का निवासी, उसके खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज हैं। तीसरा आरोपी शिवम यादव, हरदोई के अंटुआ नूरपुर, हथौड़ा थाना, बिलग्राम का निवासी है। 

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे (.315 बोर), तीन कारतूस और चोरी की अपाचे बाइक बरामद की गई है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस कार्रवाई 

पुलिस ने आरोपियों को सरोजनी नगर थाना ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि दो आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और लखनऊ के ही हैं। तीसरे आरोपी के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने भी स्थानीय लोगों को धन्यवाद दिया और आगे भी ऐसे मामलों में सतर्क रहने का अनुरोध किया।

Leave a comment