उत्तर प्रदेश में 2029 लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू होने पर सीटों में बढ़ोतरी हो सकती है। यूपी की लोकसभा सीटें 80 से 120 तक पहुंच सकती हैं। सामान्य और SC कोटे में संतुलन बदलने से सियासी समीकरण प्रभावित होंगे।
UP News: उत्तर प्रदेश का सियासी नक्शा 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले बदल सकता है। महिला आरक्षण कानून लागू होने के बाद राज्य में परिसीमन की संभावनाएं जताई जा रही हैं। केंद्र सरकार आगामी लोकसभा चुनाव से नारी वंदन अधिनियम यानी महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार इस प्रक्रिया के तहत लोकसभा की कुल सीटों को मौजूदा 543 से बढ़ाकर लगभग 816 करने की योजना पर काम चल रहा है।
यूपी में सीटों में संभावित बढ़ोतरी
उत्तर प्रदेश में सीटों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना है। भारत का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य होने के कारण यूपी की लोकसभा सीटें भी सबसे ज्यादा हैं। फिलहाल यूपी से 80 सांसद चुने जाते हैं। परिसीमन के बाद राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 120 तक पहुंच सकती है। मौजूदा समय में सामान्य सीटें 63 और अनुसूचित जाति (SC) के लिए 17 सीटें आरक्षित हैं। यदि सीटों की संख्या 120 हो जाती है तो सामान्य वर्ग की सीटें बढ़कर 94-95 और SC कोटे की सीटें 25-26 तक पहुंच सकती हैं।
यूपी में पहला चुनाव और सीटों का इतिहास
साल 1951 में जब देश में पहला लोकसभा चुनाव हुआ, उस समय उत्तर प्रदेश में 69 निर्वाचन क्षेत्र थे। तब राज्य से उत्तराखंड अलग नहीं हुआ था। उस समय कई क्षेत्रों में दो सांसद चुने जाते थे। उदाहरण के लिए देहरादून और बिजनौर जिले का निर्वाचन क्षेत्र, गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल जिले का निर्वाचन क्षेत्र एक ही सीट के रूप में शामिल था। 1951 के चुनाव में कुल 52 सीटों पर एक सांसद और 17 सीटों पर दो सांसद चुने गए थे।
![]()
1973 का परिसीमन और सीटों की बढ़ोतरी
1973 के परिसीमन के बाद उत्तर प्रदेश में कुल 85 निर्वाचन क्षेत्र हो गए। इसमें टिहरी गढ़वाल, गढ़वाल, अल्मोड़ा, नैनीताल, बिजनौर (SC), अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, इलाहाबाद, बनारस, गोरखपुर और अन्य जिले शामिल थे।
उत्तराखंड के गठन के बाद यूपी की सीटें
साल 2000 में उत्तराखंड के गठन के बाद पांच सीटें राज्य से अलग हो गईं। इसके बाद उत्तर प्रदेश में कुल 80 लोकसभा सीटें बचीं। इनमें सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, खीरी, सीतापुर, मिश्रिख, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, फूलपुर, इलाहाबाद, बाराबंकी, फैजाबाद, अम्बेडकर नगर, बहराइच, कैसरगंज, श्रावस्ती, गोण्डा, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, बांसगांव, कुशीनगर, देवरिया, सलेमपुर, बलिया, घोसी, आजमगढ़, लालगंज, जौनपुर, मछलीशहर, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर और रॉबर्ट्सगंज शामिल हैं।
आगामी परिसीमन से यूपी में बदलाव
लोकसभा चुनाव 2029 से पहले महिला आरक्षण लागू होने के बाद यूपी में सीटों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इससे सामान्य और अनुसूचित जाति के कोटे में सीटों का संतुलन बदलेगा। संभावित परिसीमन के बाद राज्य में 40 अतिरिक्त सांसद हो सकते हैं। यह बदलाव न केवल राजनीतिक समीकरण को प्रभावित करेगा बल्कि प्रदेश की सियासी ताकत के केंद्र को भी बदल सकता है।










