LSG vs CSK: मिचेल मार्श का तूफान, लखनऊ की दमदार जीत से चेन्नई की प्लेऑफ की राह मुश्किल

LSG vs CSK मुकाबले में मिचेल मार्श की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने शानदार जीत दर्ज की। इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ की

आईपीएल 2026 के अहम मुकाबले में Lucknow Super Giants ने Chennai Super Kings को सात विकेट से हराकर टूर्नामेंट का समीकरण पूरी तरह बदल दिया। 

स्पोर्ट्स न्यूज़: Lucknow Super Giants ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Chennai Super Kings को सात विकेट से हरा दिया। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने कार्तिक शर्मा की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की ओर से Mitchell Marsh और Josh Inglis ने शतकीय साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में Nicholas Pooran ने 17वें ओवर की चार लगातार गेंदों पर चार छक्के जड़कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और लखनऊ ने 20 गेंद शेष रहते तीन विकेट पर 188 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। 

इस हार के बाद चेन्नई की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर खिसक गई है, जबकि लखनऊ ने भले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होकर खेला हो, लेकिन उसने सीएसके के समीकरण बिगाड़ दिए।

चेन्नई की खराब शुरुआत, कार्तिक शर्मा ने संभाली पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। टीम ने शुरुआती 7.2 ओवर में 52 रन तक अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। सैमसन 20 रन, कप्तान गायकवाड़ 9 रन और उर्विल पटेल 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने जिम्मेदारी संभाली और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला। 

चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कार्तिक ने 42 गेंदों पर 71 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और पांच शानदार छक्के शामिल रहे। यह इस सीजन में उनका दूसरा अर्धशतक था। कार्तिक को डेवाल्ड ब्रेविस का अच्छा साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 70 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। ब्रेविस ने 16 गेंदों पर 25 रन बनाए, हालांकि वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।

आखिरी ओवरों में शिवम दुबे और प्रशांत वीर ने तेज रन बटोरे। दोनों ने अंतिम 24 गेंदों में 45 रन जोड़कर चेन्नई का स्कोर 187 तक पहुंचाया। शिवम दुबे ने सिर्फ 16 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए, जिसमें आखिरी ओवर में लगाए गए दो छक्के और दो चौके खास रहे। प्रशांत वीर 13 रन बनाकर नाबाद लौटे। लखनऊ की ओर से आकाश महाराज सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट झटके। मोहम्मद शमी और शाहबाज अहमद को एक-एक सफलता मिली।

मिचेल मार्श का तूफान, पूरन ने खत्म किया मुकाबला

188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जाएंट्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मिचेल मार्श ने चेन्नई के गेंदबाजों पर शुरुआत से दबाव बना दिया। उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों पर 90 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें नौ चौके और सात छक्के शामिल थे। मार्श शतक से जरूर चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्हें जोश इंग्लिस का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 32 गेंदों पर 36 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई शतकीय साझेदारी ने चेन्नई की वापसी की उम्मीद लगभग खत्म कर दी।

मैच का सबसे रोमांचक पल 17वें ओवर में देखने को मिला, जब निकोलस पूरन ने लगातार चार गेंदों पर चार छक्के जड़ दिए। पूरन ने मात्र 17 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए और लखनऊ को शानदार जीत दिलाई। मुकुल चौधरी ने भी 13 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

चेन्नई की प्लेऑफ राह हुई कठिन

इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खाते में 12 अंक हैं और टीम का नेट रन रेट 0.027 रह गया है। अब सीएसके को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बाकी मुकाबलों में जीत के साथ अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ सकता है। वहीं, अंक तालिका में फिलहाल आरसीबी, गुजरात, हैदराबाद और पंजाब की टीमें शीर्ष चार स्थानों पर बनी हुई हैं।

लखनऊ सुपर जाएंट्स भले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हो, लेकिन टीम ने इस जीत के जरिए यह साबित कर दिया कि वह टूर्नामेंट के अंत तक हर मुकाबले में कड़ी चुनौती देने वाली है।

Leave a comment