लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में शुक्रवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कर्मचारियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।
Lucknow: राजधानी लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में शुक्रवार तड़के एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई। अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क गई, जिससे पूरे भवन में धुआं फैल गया। कर्मचारियों ने समय रहते अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
तड़के शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मची अफरा-तफरी
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे लोकबंधु अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर के वेटिंग हॉल में फॉल्स सीलिंग के पास से धुआं उठना शुरू हुआ। कुछ ही मिनटों में धुआं आग की लपटों में बदल गया और पूरे भवन में फैलने लगा। अचानक धुआं भरने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
noman
घटना के समय वन स्टॉप सेंटर में कोई मरीज मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि धुएं के कारण वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
कर्मचारियों ने आधे घंटे में पाया आग पर काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग को भी घटना की सूचना दी गई।
आशा ज्योति केंद्र प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी संबंधित उच्च अधिकारियों को दे दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
फायर सेफ्टी व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
लोकबंधु अस्पताल में यह पहली बार आग लगने की घटना नहीं है। इससे पहले 14 अप्रैल 2025 को अस्पताल में भीषण आग लगी थी, जिसमें एक बुजुर्ग मरीज की मौत हो गई थी और 200 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा था। उस घटना के बाद अस्पताल में फायर सेफ्टी सिस्टम को मजबूत करने के लिए कई कार्य शुरू किए गए थे।
करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से फायर प्रूफ फॉल्स सीलिंग, ऑटोमैटिक स्प्रिंकलर सिस्टम और अन्य अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने का काम अभी भी जारी है। एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद परियोजना पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच के लिए गठित की गई समिति
लोकबंधु अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। घटना की विस्तृत जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है, जो आग लगने के वास्तविक कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेगी।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और मरीजों व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।










