Apple ने M5 चिपसेट के साथ नई MacBook Air और MacBook Pro सीरीज लॉन्च की है। MacBook Air में डबल बेस स्टोरेज, तेज SSD और बेहतर एआई परफॉर्मेंस दी गई है, जबकि Pro मॉडल M5 Pro और M5 Max के साथ अधिक पावरफुल विकल्प पेश करता है।
MacBook Air M5 Launch: Apple ने भारत समेत ग्लोबल बाजार में नई MacBook Air और MacBook Pro मॉडल पेश किए हैं। क्या लॉन्च हुआ? M5 चिपसेट से लैस MacBook Air और M5 Pro व M5 Max प्रोसेसर वाले MacBook Pro। कहां? कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और रिटेल स्टोर्स पर। कब? प्री-ऑर्डर तुरंत शुरू, बिक्री 11 मार्च से। किसके लिए? प्रोफेशनल्स, क्रिएटर्स और पावर यूजर्स के लिए। क्यों? बेहतर एआई परफॉर्मेंस, तेज स्टोरेज और उन्नत प्रोसेसिंग स्पीड देने के उद्देश्य से।
M5 MacBook Air में क्या है खास?
नई MacBook Air में M5 चिपसेट दिया गया है, जिसमें 10-कोर CPU और 10-कोर तक GPU का विकल्प मिलता है। हर कोर में न्यूरल एक्सेलेरेशन सपोर्ट जोड़ा गया है, जिससे एआई आधारित टास्क और ऑन-डिवाइस लार्ज लैंग्वेज मॉडल का इस्तेमाल पहले से ज्यादा स्मूद होगा। कंपनी का दावा है कि एआई परफॉर्मेंस पुराने मॉडल की तुलना में चार गुना तक तेज है।
रेंडरिंग और क्रिएटिव वर्कलोड के लिए भी इसे ऑप्टिमाइज़ किया गया है। वीडियो एडिटिंग, कोडिंग और मल्टीटास्किंग जैसे कामों में बेहतर स्पीड मिलने की उम्मीद है। साथ ही, नई N1 वायरलेस चिप कनेक्टिविटी को और स्थिर बनाती है, जबकि बैटरी बैकअप 18 घंटे तक का बताया गया है।

डबल स्टोरेज और तेज SSD स्पीड
नई MacBook Air अब 512GB बेस स्टोरेज के साथ आती है, जो पहले के मुकाबले दोगुनी है। यूजर्स इसे 4TB तक कॉन्फिगर कर सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, नई SSD की रीड और राइट स्पीड पहले से दोगुनी है, जिससे बड़े फाइल ट्रांसफर और प्रोजेक्ट लोडिंग में समय कम लगेगा।
भारत में 13 इंच वेरिएंट की शुरुआती कीमत 1,19,900 रुपये और 15 इंच वेरिएंट की कीमत 1,44,900 रुपये रखी गई है। यह स्काई ब्लू, मिडनाइट, स्टारलाइट और सिल्वर कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगी।
MacBook Pro भी हुआ अपग्रेड
MacBook Pro को M5 Pro और M5 Max चिपसेट के साथ पेश किया गया है। डिजाइन पहले जैसा प्रीमियम रखा गया है, लेकिन फोकस एआई परफॉर्मेंस, मेमोरी बैंडविड्थ और स्टोरेज स्पीड पर है। कंपनी का कहना है कि नए चिपसेट के साथ यह लैपटॉप भी एआई टास्क में चार गुना बेहतर प्रदर्शन देगा।
कीमत की बात करें तो 14 इंच M5 Pro वेरिएंट 2,49,900 रुपये से शुरू होता है, जबकि M5 Max वेरिएंट 3,99,900 रुपये से। 16 इंच मॉडल M5 Pro के साथ 2,99,900 रुपये और M5 Max के साथ 4,29,900 रुपये से शुरू होगा। प्री-ऑर्डर आज से और बिक्री 11 मार्च से शुरू होगी।













