महाशिवरात्रि पर सोमनाथ में रिकॉर्ड भीड़ की तैयारी, 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

महाशिवरात्रि पर सोमनाथ में रिकॉर्ड भीड़ की तैयारी, 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

महाशिवरात्रि 2026 पर सोमनाथ मंदिर में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। स्वाभिमान पर्व के बाद भक्तों की संख्या तेजी से बढ़ी है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं।

Mahashivratri in Somnath Mandir: गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। मंदिर प्रशासन के अनुसार जनवरी में हुए सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में तेज बढ़ोतरी हुई है। इसी कारण जिला प्रशासन, मंदिर ट्रस्ट और पर्यटन विभाग मिलकर सुरक्षा, चिकित्सा, दर्शन व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष तैयारी कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन मिल सकें।

श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा

मंदिर अधिकारियों का कहना है कि जनवरी में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के बाद से श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। पहले जहां रोजाना करीब 20 हजार भक्त दर्शन के लिए पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 75 हजार से अधिक हो गई है।

गिर जिले के कलेक्टर एन.वी. उपाध्याय ने बताया कि महाशिवरात्रि के मुख्य दिनों में यह आंकड़ा कई गुना बढ़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट मिलकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।

सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था मजबूत

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में जांच व्यवस्था को और सख्त किया गया है। सुरक्षा जांच द्वारों की संख्या 6 से बढ़ाकर 10 कर दी गई है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुचारू आवाजाही के लिए एकतरफा प्रवेश और निकास प्रणाली लागू की जा रही है।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा दल 24 घंटे तैनात रहेंगे। पार्किंग क्षेत्र में बड़े स्तर पर सामुदायिक रसोई की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण

महाशिवरात्रि के अवसर पर धार्मिक माहौल के साथ सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिलेगा। गुजरात पर्यटन निगम की ओर से 14, 15 और 16 फरवरी को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, कैलाश खैर समेत कई जाने-माने कलाकार मंदिर परिसर के पास प्रस्तुति देंगे।

प्रशासन का मानना है कि इन कार्यक्रमों से श्रद्धालुओं का अनुभव और भी बेहतर होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a comment