महिलाओं के लिए गाइड: मेनोपॉज के समय क्या करें, जानें अहम बातें

महिलाओं के लिए गाइड: मेनोपॉज के समय क्या करें, जानें अहम बातें

मेनोपॉज महिलाओं के जीवन का स्वाभाविक चरण है, लेकिन इसके दौरान हार्मोनल बदलाव कई शारीरिक और मानसिक समस्याएं पैदा कर सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, सही डाइट, नियमित व्यायाम और समय पर हेल्थ चेकअप से हड्डियों, दिल और समग्र स्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सकता है और इस चरण को स्वस्थ तरीके से पार किया जा सकता है।

Menopause Care Tips: मेनोपॉज महिलाओं में आमतौर पर 45 से 55 वर्ष की उम्र के बीच होने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया है, जब लगातार 12 महीने तक पीरियड्स बंद हो जाते हैं और शरीर में हार्मोन का स्तर घटने लगता है। डॉ. सलोनी चड्ढा, जो आरएमएल हॉस्पिटल से जुड़ी हैं, बताती हैं कि इस दौरान हॉट फ्लैश, नींद की कमी और हड्डियों की कमजोरी का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए महिलाओं के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर मेडिकल जांच जरूरी है, ताकि गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव किया जा सके।

मेनोपॉज के लक्षणों को समझना क्यों जरूरी है

डॉ. सलोनी चड्ढा, जो आरएमएल हॉस्पिटल में महिला रोग विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर हैं, बताती हैं कि मेनोपॉज की पहचान लगातार 12 महीने तक पीरियड्स न आने से होती है। इस दौरान शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन हार्मोन का स्तर कम हो जाता है, जिससे कई बदलाव शुरू होते हैं।

इन बदलावों में हॉट फ्लैश, रात में पसीना, मूड स्विंग, नींद की कमी और थकान जैसे लक्षण आम हैं। कुछ महिलाओं को जोड़ों में दर्द, वजन बढ़ना और त्वचा में बदलाव भी महसूस हो सकते हैं। इन संकेतों को नजरअंदाज करने से आगे चलकर हड्डियों की कमजोरी और हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

मेनोपॉज में लाइफस्टाइल और हेल्थ चेकअप की अहम भूमिका

विशेषज्ञों के अनुसार, मेनोपॉज के दौरान नियमित व्यायाम जैसे तेज चलना, योग और हल्की एक्सरसाइज शरीर को सक्रिय और मजबूत बनाए रखने में मदद करती है। इससे हड्डियों की मजबूती बनी रहती है और मानसिक तनाव भी कम होता है। पर्याप्त नींद और मेडिटेशन जैसे उपाय मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक होते हैं।

इसके साथ ही नियमित हेल्थ चेकअप कराना भी जरूरी है, ताकि ब्लड प्रेशर, शुगर और बोन डेंसिटी की स्थिति पर नजर रखी जा सके। धूम्रपान और शराब से दूरी बनाए रखना भी जरूरी है, क्योंकि ये आदतें हड्डियों और दिल की सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

मेनोपॉज डाइट सही पोषण से मिलती है ताकत

मेनोपॉज के दौरान कैल्शियम और विटामिन डी से भरपूर आहार लेना बेहद जरूरी है। दूध, दही, तिल और धूप हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। इसके अलावा, दालें, पनीर और अंडा जैसे प्रोटीन स्रोत मांसपेशियों की मजबूती के लिए जरूरी होते हैं।

फल, हरी सब्जियां और साबुत अनाज फाइबर प्रदान करते हैं, जिससे पाचन बेहतर रहता है। वहीं, अखरोट और अलसी जैसे ओमेगा-3 से भरपूर खाद्य पदार्थ दिल और दिमाग की सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं।

Leave a comment