Microsoft Windows और Office यूजर्स के लिए अलर्ट, खामियों से बढ़ा हैकिंग का जोखिम

Microsoft ने Windows और Office की गंभीर जीरो-डे खामियों पर अलर्ट जारी किया है। एक क्लिक में सिस्टम हैक हो सकता था। यूजर्स को तुरंत अपडेट करने की सलाह।

Microsoft ने Microsoft Windows और Microsoft Office में मौजूद कई गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन कमजोरियों के जरिए एक क्लिक या फाइल ओपन करते ही सिस्टम हैक हो सकता था। कंपनी ने पैच जारी कर दिए हैं और यूजर्स को तुरंत अपडेट करने की सलाह दी है।

Microsoft Windows Security Alert: माइक्रोसॉफ्ट ने हाल ही में Windows और Office सॉफ्टवेयर में पाई गई जीरो-डे खामियों की पुष्टि की है, जिनका इस्तेमाल हैकर्स पहले से कर रहे थे। ये खामियां ऐसे समय सामने आईं जब यूजर्स अनजान लिंक या फाइल के जरिए वन-क्लिक अटैक का शिकार हो सकते थे। कंपनी के अनुसार, इन कमजोरियों की जानकारी पब्लिक होने से खतरा और बढ़ गया। यही वजह है कि माइक्रोसॉफ्ट ने तुरंत सिक्योरिटी पैच जारी किए और सभी यूजर्स को बिना देरी सिस्टम अपडेट करने की सलाह दी है।

एक क्लिक में सिस्टम हैक होने का खतरा

Microsoft के मुताबिक, Microsoft Windows और Microsoft Office में पाई गई कुछ खामियां इतनी खतरनाक थीं कि इन्हें वन-क्लिक अटैक के लिए इस्तेमाल किया जा सकता था। हैकर्स यूजर को किसी मालिशियस लिंक पर क्लिक करवाकर या ऑफिस फाइल ओपन करवाकर सिस्टम की एक्सेस ले सकते थे।

कंपनी का कहना है कि इन कमजोरियों का फायदा उठाने के तरीके पहले ही सार्वजनिक हो चुके थे, जिससे खतरा और बढ़ गया। ऐसे मामलों में यूजर को भनक तक नहीं लगती और बैकग्राउंड में मालवेयर इंस्टॉल हो सकता है।

जीरो-डे खामियां क्यों हैं ज्यादा खतरनाक

माइक्रोसॉफ्ट ने इन बग्स को जीरो-डे वल्नरैबिलिटी के तौर पर क्लासीफाई किया है। इसका मतलब है कि कंपनी के फिक्स जारी करने से पहले ही हैकर्स को इनकी जानकारी मिल गई थी और उनका दुरुपयोग शुरू हो चुका था।

साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स मानते हैं कि जीरो-डे खामियां इसलिए खतरनाक होती हैं क्योंकि इनके खिलाफ यूजर के पास तुरंत कोई सुरक्षा उपाय नहीं होता। जब तक पैच जारी न हो, तब तक सिस्टम पूरी तरह असुरक्षित रहता है।

यूजर्स को अभी क्या करना चाहिए

कंपनी ने साफ कहा है कि इन खामियों को दूर करने के लिए जरूरी सिक्योरिटी अपडेट्स जारी कर दिए गए हैं। ऐसे में सभी यूजर्स को अपने Windows और Office सॉफ्टवेयर को तुरंत अपडेट कर लेना चाहिए। ऑटो-अपडेट बंद है तो मैन्युअली अपडेट चेक करना जरूरी है।

इसके अलावा अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ईमेल अटैचमेंट खोलने और बिना जरूरत के फाइल डाउनलोड करने से बचें। अपडेटेड एंटीवायरस और बेसिक साइबर हाइजीन अपनाने से ऐसे हमलों का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।

Leave a comment