Miss World 2026: निकिता पोरवाल पर भारत की नजर, वियतनाम में आज होगा ग्रैंड फिनाले

Miss World 2026 का ग्रैंड फिनाले आज वियतनाम के न्हा ट्रांग में होगा। भारत की निकिता पोरवाल खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। जानें फिनाले का समय और लाइव स्ट्रीमिंग।

वियतनाम में मिस वर्ल्ड 2026 के ग्रैंड फिनाले के लिए मंच पूरी तरह तैयार है। इस प्रतिष्ठित खिताब के लिए दुनिया भर से आईं प्रतिभागी एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगी।

Miss World 2026: दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में शामिल मिस वर्ल्ड 2026 के ग्रैंड फिनाले का मंच तैयार है। वियतनाम में आयोजित हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में दुनियाभर की 111 प्रतिभागी मिस वर्ल्ड के प्रतिष्ठित ताज के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। भारत की ओर से निकिता पोरवाल इस प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। फिनाले में उनकी नजर मिस वर्ल्ड का ताज अपने नाम करने पर होगी।

मिस वर्ल्ड 2026 का फाइनल 5 सितंबर को शाम 5:30 बजे से जियो हॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। इस दौरान प्रतियोगिता के अंतिम चरण में पहुंचने वाली प्रतिभागियों के बीच खिताब के लिए मुकाबला होगा। भारत में इस प्रतियोगिता को लेकर खास उत्साह है, क्योंकि देश की नजरें निकिता पोरवाल के प्रदर्शन पर टिकी हैं।

थाईलैंड की सुचाता चुआंगसरी पहनाएंगी विजेता को ताज

मिस वर्ल्ड 2025 की विजेता थाईलैंड की सुचाता चुआंगसरी इस साल की विजेता को मिस वर्ल्ड का ताज पहनाएंगी। मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन ने 25 मार्च 2026 को घोषणा की थी कि प्रतियोगिता का 73वां संस्करण वियतनाम में आयोजित किया जाएगा। भारत के लिए मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का इतिहास भी गौरवशाली रहा है। 

अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर ने 2017 में यह खिताब जीता था। अब भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि निकिता पोरवाल देश के लिए एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकती हैं।

कौन हैं भारत की निकिता पोरवाल?

Miss World 2026: निकिता पोरवाल पर भारत की नजर, वियतनाम में आज होगा ग्रैंड फिनाले

मध्य प्रदेश की रहने वाली निकिता पोरवाल ने 2024 में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड का खिताब जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी शुरू की। निकिता ने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से अपनी पढ़ाई पूरी की है। मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में आने से पहले वह टेलीविजन एंकर के रूप में काम कर चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने थिएटर की दुनिया में भी कदम रखा।

निकिता की रुचि अभिनय में भी है और वह भविष्य में फिल्मों में काम करने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं। वह मशहूर फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली के साथ काम करना अपना सपना बताती रही हैं।

‘डांस ऑफ द वर्ल्ड’ में दिखा निकिता का खास अंदाज

मिस वर्ल्ड 2026 के फिनाले से पहले निकिता ने वियतनाम में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इनमें ‘डांस ऑफ द वर्ल्ड’ कार्यक्रम भी शामिल रहा, जहां उनका पारंपरिक और शाही अंदाज चर्चा में रहा। इस खास अवसर के लिए निकिता ने काले और सुनहरे रंग की आकर्षक पोशाक चुनी। उनके लुक में भारतीय परंपरा और आधुनिक फैशन का खूबसूरत मेल देखने को मिला।

उन्होंने सुनहरी बॉडी चेन से सजे स्कल्पटेड ब्लाउज के साथ कई रंगों वाली ड्रेप्ड स्कर्ट पहनी। इसके साथ पारंपरिक सोने के आभूषणों ने उनके लुक को और खास बनाया। मांग-टीका, बड़े झुमके, चूड़ियां, बाजूबंद, कमरबंद और पायल जैसे आभूषणों के साथ उन्होंने भारतीय संस्कृति की झलक पेश की। उनकी लंबी चोटी को भी सुनहरे आभूषणों से सजाया गया था। इस लुक के जरिए निकिता ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय फैशन और पारंपरिक सौंदर्य को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया।

इन देशों की सुंदरियों से होगा मुकाबला

मिस वर्ल्ड 2026 में निकिता पोरवाल को कई मजबूत अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों से मुकाबला करना है। प्रतियोगिता में ऑस्ट्रेलिया की ओलिविया स्पोनोव्स्की, बांग्लादेश की समंजार सईद, ब्राजील की गैब्रिएला बोटेल्हो, फ्रांस की इंदिरा एम्पियोट, इंडोनेशिया की ऑड्रे बियांका कैलिस्टा, जापान की युई कवाना, मलेशिया की तानुसिया चेट्टी, नेपाल की लूना लुइटेल, फिलीपींस की एशिया रोज सिम्पसन और इंग्लैंड की ग्रेस रिचर्डसन समेत कई देशों की प्रतिभागियां शामिल हैं।

Leave a comment