रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर बेलगढ़ चेक पोस्ट के बाहर देर रात एक बाघ सड़क पर घूमता नजर आया। उसकी चहलकदमी CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई, जबकि चेक पोस्ट के अंदर मौजूद वनकर्मियों को इसकी जानकारी नहीं हुई।
रामनगर: नैनीताल के रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर बेलगढ़ वन चेक पोस्ट के बाहर देर रात एक बाघ के घूमने का मामला सामने आया है। करीब एक बजे जंगल से निकलकर सड़क पर पहुंचे बाघ की गतिविधियां चेक पोस्ट के पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुईं। घटना के समय वनकर्मी चौकी के अंदर मौजूद थे, लेकिन अंधेरा होने के कारण उन्हें बाघ की मौजूदगी का पता नहीं चला।
CCTV में कैद हुई बाघ की चहलकदमी
रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में आने वाले बेलगढ़ क्षेत्र में वन विभाग की चेक पोस्ट के बाहर बाघ दिखाई दिया। इंटरनेट मीडिया पर सामने आए करीब एक सप्ताह पुराने CCTV वीडियो में बाघ रात लगभग एक बजे जंगल की ओर से निकलकर सड़क पर घूमता नजर आ रहा है।

सड़क पर वाहनों को नियंत्रित करने के लिए बेरिकेडिंग भी लगाई गई है। बाघ कुछ समय तक चेक पोस्ट के आसपास घूमता रहा और फिर जंगल की ओर चला गया।
चेक पोस्ट के अंदर मौजूद थे वनकर्मी
जिस समय बाघ सड़क के बाहर मौजूद था, उस दौरान वनकर्मी वन चौकी के अंदर थे। रात में अंधेरा होने के कारण उन्हें बाहर बाघ के घूमने की जानकारी नहीं मिल सकी।
बाघ की गतिविधि चेक पोस्ट के पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड होने के बाद मामला सामने आया। वन क्षेत्र से गुजरने वाले इस मार्ग पर पहले भी बाघों की मौजूदगी देखी जा चुकी है।
लोगों के लिए बढ़ा खतरा, वन विभाग ने किया सावधान
बेलगढ़ और आसपास का क्षेत्र वन क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण यहां रात के समय बाघों के सड़क पार करने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसी इलाके में पहले भी बाघ दिखाई दे चुका है।
वन विभाग के अनुसार, वन क्षेत्र होने के कारण बाघ कई बार रात में सड़क पार करते हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर सुबह और शाम कम रोशनी के समय लोगों को अकेले पैदल निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
स्थानीय स्तर पर लोगों को अंधेरे में इस मार्ग पर पैदल आवाजाही को लेकर सतर्क किया जा रहा है। सड़क किनारे बाघ की मौजूदगी को देखते हुए वाहन चालकों और राहगीरों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है।











