निशान लेकर जा रहे श्याम भक्त की हादसे में दर्दनाक मौत, घंटों तक सड़क पर पड़ा रहा शव

निशान लेकर जा रहे श्याम भक्त की हादसे में दर्दनाक मौत, घंटों तक सड़क पर पड़ा रहा शव
AI IMAGE

रींगस में गलत दिशा से आए डंपर ने श्याम पदयात्री को कुचल दिया। युवक दोस्तों के साथ खाटूश्याम आया था। घटना के बाद साथियों ने पदयात्रा रोक दी और प्रशासन से सुरक्षित पदमार्ग बनाने की मांग की।

Sikar: सीकर जिले के रींगस कस्बे में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एनएच-52 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए पैदल जा रहे एक श्रद्धालु को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। बताया जा रहा है कि डंपर गलत दिशा में चल रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा पारीक धर्म कांटे के सामने बने कट से भैरुजी मोड़ की ओर हुआ। डंपर चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े श्रद्धालु को कुचलते हुए निकल गया। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।

महाराष्ट्र से दोस्तों के साथ खाटूश्याम आया था राजेश

हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालु की पहचान महाराष्ट्र निवासी राजेश के रूप में हुई है। वह अपने नौ दोस्तों के साथ नववर्ष के अवसर पर बाबा खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए राजस्थान आया था। सभी श्रद्धालु रींगस में एक होटल में ठहरे हुए थे और वहां से पैदल यात्रा कर खाटूश्याम मंदिर की ओर निकले थे।

राजेश अपने साथियों के साथ निशान लेकर बाबा श्याम के जयकारे लगाता हुआ आगे बढ़ रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा उसके जीवन की आखिरी यात्रा बन जाएगी। हादसे के बाद उसके साथ आए सभी साथी गहरे सदमे में हैं।

एक घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा शव

हादसे के बाद सबसे दर्दनाक स्थिति यह रही कि राजेश का शव करीब एक घंटे तक सड़क किनारे ही पड़ा रहा। मौके पर लोग जमा हो गए, लेकिन न तो तुरंत एंबुलेंस पहुंची और न ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई नजर आई। बाद में एंबुलेंस के जरिए शव को उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस और पुलिस पहुंच जाती तो स्थिति कुछ बेहतर तरीके से संभाली जा सकती थी। इस घटना ने प्रशासन की आपात व्यवस्था और यातायात नियंत्रण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

साथियों का टूटा हौसला

राजेश की मौत के बाद उसके साथ आए श्रद्धालुओं का हौसला पूरी तरह टूट गया। सभी साथी रोते-बिलखते नजर आए। उनका कहना है कि अब हम बाबा श्याम के दर्शन के लिए आगे कैसे जाएं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि हम राजेश के परिवार को क्या जवाब देंगे।

साथियों ने बताया कि राजेश की पत्नी, छोटा बच्चा और बूढ़े माता-पिता महाराष्ट्र में उसका इंतजार कर रहे होंगे। इस हादसे के बाद सभी श्रद्धालुओं ने रींगस में ही अपनी पदयात्रा रोक दी और आगे जाने का फैसला टाल दिया।

Leave a comment