नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से नोएडा, गाजियाबाद सहित पश्चिमी यूपी के प्रमुख शहरों तक रोडवेज बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके लिए कुल 14 रूट फाइनल किए गए हैं, जिन पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) बसें संचालित करेगा।
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) अपने संचालन के साथ ही देश-विदेश के यात्रियों को उत्कृष्ट परिवहन नेटवर्क प्रदान करेगा। एयरपोर्ट से यात्रियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) के साथ एक महत्वपूर्ण करार किया है। इस समझौते के तहत एयरपोर्ट से 14 प्रमुख रूटों पर रोडवेज बसें चलाई जाएंगी, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों को सीधी कनेक्टिविटी देंगी।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद इन बस रूटों के संचालन की तिथि घोषित की जाएगी। प्रारंभिक चरण में नोएडा से लेकर आगरा, अलीगढ़, मथुरा-वृंदावन और गाजियाबाद तक सीधी बसें उपलब्ध होंगी। आगे चलकर नेटवर्क को विस्तारित करते हुए बुलंदशहर, फिरोजाबाद, हापुड़ और मुरादाबाद जैसे शहरों को भी जोड़ा जाएगा।
चार राज्यों से सीधी बस कनेक्टिविटी
NIA अपने उद्घाटन के साथ ही भारत के सबसे अधिक कनेक्टिविटी वाले हवाईअड्डों में शामिल हो सकता है। इससे पहले एयरपोर्ट प्रबंधन हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड सरकारों के साथ एमओयू कर चुका है। इसके बाद दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़, देहरादून और हरिद्वार जैसे बड़े शहरों से सीधी बस सेवा सुनिश्चित हो गई है।
चार राज्यों में बस सेवाएं शुरू होने के बाद नोएडा एयरपोर्ट 25 से अधिक शहरों से सीधे जुड़ जाएगा, जिससे यात्रियों के लिए हवाईअड्डे तक पहुंचना और भी आसान होगा।
नोएडा एयरपोर्ट से शुरू होने वाले 14 बस रूट

YIAPL के सीईओ क्रिस्टोफ़ श्नेलमैन ने कहा कि एयरपोर्ट से आने-जाने की यात्रा को सरल और सुगम बनाना उनकी प्राथमिकता है। UPSRTC के साथ भागीदारी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यात्री अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सहज और विश्वसनीय बस कनेक्टिविटी आवश्यक है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह और राज्य सरकार के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया। UPSRTC द्वारा प्रस्तावित 14 रूट यात्रियों को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण शहरी क्षेत्रों से जोड़ेंगे:
- NIA-कौशांबी-NIA: परी चौक, नोएडा सेक्टर 62, इंदिरापुरम, वसुधरा, वैशाली, कौशांबी
- NIA-नोएडा-NIA: परी चौक, नोएडा सेक्टर 37, बॉटनिकल गार्डन
- NIA-कासना-NIA: जेवर, दनकौर, कासना, ग्रेटर नोएडा
- NIA-गाजियाबाद-NIA: सिकंदराबाद, दादरी, गाजियाबाद
- NIA-गाजियाबाद-NIA: परी चौक, सूरजपुर, नोएडा, विजयनगर, लालकुआं
- NIA-मेरठ-NIA: परी चौक, नोएडा, इंदिरापुरम, मोहन नगर, मुरादनगर, मेरठ
- NIA-हापुड़-NIA: परी चौक, विजय नगर, लालकुआं, डासना, पिलखुवा, हापुड़
- NIA-आगरा-NIA: बाजना कट, मथुरा कट, कुबेरपुर, आगरा
- NIA-मथुरा-वृंदावन-NIA: मथुरा, वृंदावन
- NIA-हाथरस-NIA: राया कट, हाथरस
- NIA-फिरोजाबाद-NIA: बाजना कट, मथुरा कट, कुबेर कट, टुंडला, फिरोजाबाद
- NIA-सिकोहाबाद-NIA: बाजना कट, मथुरा कट, कुबेर कट, टुंडला, फिरोजाबाद, सिकोहाबाद
- NIA-अलीगढ़-NIA: टप्पल, जहारी, खैर, अलीगढ़
- NIA-आहार-NIA: बुलंदशहर, जहांगीराबाद, आहार
इन रूटों का उद्देश्य यात्रियों को उनके शहर से सीधे हवाईअड्डे तक सुविधाजनक यात्रा प्रदान करना है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। पहले चरण में उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, अलigarh, मथुरा-वृंदावन और हाथरस सीधे हवाईअड्डे से जुड़ जाएंगे। इसके बाद बस सेवा को बुलंदशहर, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, हापुड़ और मुरादाबाद जैसे शहरों तक विस्तारित किया जाएगा।










