पानीपत सड़क हादसे में युवक की मौत, गर्भवती पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया घर का इकलौता सहारा

पानीपत में सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गर्भवती पत्नी, मासूम बेटे और बुजुर्ग मां को छोड़ गया परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य।

हरियाणा के पानीपत में सड़क हादसे में 25 वर्षीय अंकित की मौत हो गई। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी पत्नी नौ महीने की गर्भवती है और परिवार पर पहले से आर्थिक व मानसिक संकट बना हुआ था।

Panipat: हरियाणा के पानीपत जिले में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक अंकित अपने परिवार का एकमात्र सहारा था और पेंट का काम कर परिवार चलाता था। हादसे के समय वह गन्नौर से बाइक पर घर लौट रहा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि उसकी पत्नी जल्द ही दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली है।

छाजपुर बायपास के पास हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक अंकित शनिवार शाम किसी काम से गन्नौर गया था और वापस अपने गांव कुराड़ लौट रहा था। इसी दौरान छाजपुर बायपास स्थित स्टेडियम के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसा इतना गंभीर था कि अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद बच्चों ने सड़क पर पड़े युवक को पहचानकर तुरंत परिवार को सूचना दी। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो अंकित की मौत हो चुकी थी।

घर में खुशियों की जगह पसरा मातम

परिवार के अनुसार अंकित की पत्नी मीनाक्षी नौ महीने की गर्भवती है और डॉक्टरों ने जल्द डिलीवरी की संभावना जताई थी। घर में नए सदस्य के स्वागत की तैयारी चल रही थी, लेकिन हादसे के बाद पूरा परिवार सदमे में है।

अंकित अपने पीछे दो साल का बेटा, गर्भवती पत्नी, बुजुर्ग मां और दो बहनों को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पहले भी टूट चुका है परिवार पर दुखों का पहाड़

परिवार ने बताया कि साल 2019 में अंकित के बड़े भाई ने आत्महत्या कर ली थी। उसके बाद से अंकित ही पूरे घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था। वह वॉल पुट्टी और पेंट का काम करके परिवार का खर्च चला रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a comment