Pune

पायल रोहतगी और संग्राम सिंह बनेंगे माता-पिता! बोले- ‘हम सरोगेसी की प्लानिंग कर रहे हैं’

पायल रोहतगी और संग्राम सिंह बनेंगे माता-पिता! बोले- ‘हम सरोगेसी की प्लानिंग कर रहे हैं’

पायल रोहतगी ने अपने करियर में बॉलीवुड से लेकर टीवी तक कई प्रोजेक्ट्स में काम किया है। वहीं, उन्होंने मशहूर रेसलर संग्राम सिंह के साथ 12 साल की लंबी डेटिंग के बाद जुलाई 2022 में सात फेरे लिए थे।

Payal Rohatgi-Sangram Singh: बॉलीवुड एक्ट्रेस और टीवी पर्सनैलिटी पायल रोहतगी और मशहूर रेसलर संग्राम सिंह की शादी को तीन साल पूरे हो चुके हैं। हालांकि अब तक यह कपल माता-पिता नहीं बन सका है। हाल ही में संग्राम सिंह ने इस विषय पर खुलकर बातचीत की है और बताया है कि वह और पायल अब सरोगेसी के जरिए बेबी प्लान कर रहे हैं।

पायल और संग्राम की शादी और अब तक का सफर

बता दें कि पायल रोहतगी और संग्राम सिंह की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। दोनों की पहली मुलाकात साल 2011 में दिल्ली-आगरा हाईवे पर एक पंक्चर टायर के बहाने हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। करीब 12 साल की लंबी डेटिंग के बाद जुलाई 2022 में दोनों ने सात फेरे लिए थे। इस कपल ने बिग बॉस 7 और नच बलिए 7 जैसे रियलिटी शोज में भी हिस्सा लेकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं।

हाल ही में सोशल मीडिया पर इनके तलाक की अफवाहें भी सामने आई थीं, जिन पर खुद संग्राम सिंह ने विराम लगाते हुए साफ कहा कि ऐसा कुछ नहीं है, हम दोनों एक-दूसरे के साथ खुश हैं और हमारा रिश्ता बेहद मजबूत है।

क्यों नहीं बन पाए अब तक माता-पिता?

अब जब शादी के तीन साल हो चुके हैं, तो लोग ये सवाल भी करने लगे थे कि आखिर पायल और संग्राम अब तक माता-पिता क्यों नहीं बन पाए। इस सवाल का जवाब संग्राम सिंह ने खुद एक इंटरव्यू में दिया है। News18 Shosha को दिए इंटरव्यू में संग्राम सिंह ने कहा कि ‘बच्चों का ना होना दुखद तो है, लेकिन हम दोनों कोशिश कर रहे हैं।’

उन्होंने कहा, मैं आठ सौतेले भाइयों के साथ पला-बढ़ा हूं। मुझे लगता है कि माता-पिता बनना किसी भी इंसान के जीवन का सबसे खूबसूरत हिस्सा होता है। हम दोनों हर संभव कोशिश कर रहे हैं ताकि यह सपना पूरा हो सके। संग्राम ने यह भी कहा कि हालांकि वह और पायल अब भी खुद को बच्चों की तरह ही मानते हैं क्योंकि दोनों अक्सर छोटी-छोटी बातों पर बहस कर लेते हैं। लेकिन जब सही समय आएगा, वे जरूर माता-पिता बनने का फैसला लेंगे।

सरोगेसी से बेबी प्लानिंग

संग्राम सिंह ने आगे बताया कि वे दोनों अब सरोगेसी के जरिए पेरेंट्स बनने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि आज के समय में सरोगेसी कानून बहुत सख्त हो गए हैं क्योंकि पहले कुछ लोगों ने इसका गलत इस्तेमाल किया था। पायल रोहतगी पहले भी अपनी कंसीव करने की स्ट्रगल के बारे में खुलकर बात कर चुकी हैं। 

रियलिटी शो 'लॉक अप' के एक एपिसोड में पायल ने बताया था कि शादी से पहले उन्होंने कई बार आईवीएफ ट्रीटमेंट करवाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पिछले पांच सालों से वह प्रेग्नेंसी के लिए लगातार कोशिश कर रही हैं।

संग्राम सिंह का मानना है कि बच्चों की कमी खलती तो जरूर है लेकिन वह इसे किस्मत और भगवान की मर्जी मानते हैं। उन्होंने कहा, मेरे गांव के बच्चे मुझसे मिलने आते हैं और अपनी कलाबाजियां दिखाते हैं। जब मैं ट्रेनिंग देता हूं, तो वे आकर मेरे साथ जुड़ जाते हैं। उन्हें फल खिलाकर बहुत अच्छा लगता है। यही छोटी-छोटी खुशियां भी बड़ी होती हैं।

पायल और संग्राम भले ही एक-दूसरे से बिल्कुल अलग स्वभाव के हों, लेकिन दोनों का रिश्ता काफी मजबूत है। 14 साल साथ रहने के बाद भी दोनों के बीच गहरा प्यार और सम्मान बना हुआ है। संग्राम ने कहा, हम दोनों के बीच भले ही मतभेद हो जाएं, लेकिन हम एक-दूसरे के बिना अधूरे हैं। यही हमारी मजबूती है।

Leave a comment