Columbus

पंजाब में CM नहीं सिर्फ नाम के हैं मान, रेखा गुप्ता बोलीं- असली कंट्रोल केजरीवाल के पास

पंजाब में CM नहीं सिर्फ नाम के हैं मान, रेखा गुप्ता बोलीं- असली कंट्रोल केजरीवाल के पास

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने दावा किया है कि पंजाब में भगवंत मान को हाशिए पर रखा गया है और अरविंद केजरीवाल सरकार का संचालन खुद कर रहे हैं। मान नाराज हैं पर खुलकर बोल नहीं पा रहे।

Delhi CM: इंडिया टुडे वुमन समिट 2025 के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर गंभीर बयान दिए हैं। गुप्ता ने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्रियों की एक बैठक में उनकी भगवंत मान से मुलाकात हुई थी। उन्होंने दावा किया कि मान काफी नाराज़ दिखे और उन्हें कामकाज में पूरी स्वतंत्रता नहीं मिल रही है। गुप्ता के अनुसार, मान ने इशारों में यह कहा कि पंजाब की बागडोर वास्तव में उनके हाथ में नहीं है, बल्कि अरविंद केजरीवाल ही फैसले ले रहे हैं।

दिल्ली आपके पास है, पंजाब में मैं बस नाम का मुख्यमंत्री

रेखा गुप्ता ने बातचीत के दौरान चुटकी लेते हुए कहा, मान ने मुझसे कहा कि एक महिला होने के बावजूद दिल्ली की पूरी कमान आपके हाथ में है, लेकिन पंजाब में केजरीवाल केंद्र में हैं और मुझे साइडलाइन कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संवाद सीधे शब्दों में नहीं कहा गया था, लेकिन उनके हावभाव और बातों से यह भावना झलक रही थी। उन्होंने कहा कि भगवंत मान पंजाब के लिए ईमानदारी से काम करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें निर्णय लेने की छूट नहीं मिल रही।

रेखा गुप्ता का सीधा हमला केजरीवाल पर

दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी रेखा गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की प्राथमिकता अब दिल्ली नहीं, बल्कि खुद को केंद्र की राजनीति में स्थापित करना है। गुप्ता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को झूठे वादों से गुमराह किया और जनता के पैसों से 'शीशमहल' बनवाया। उन्होंने कहा, "मैं चाहती तो उस शीशमहल में रह सकती थी, लेकिन मैंने नहीं चुना। मेरा घर जन सेवा सदन है, जहाँ मैं जनता के बीच रहकर काम करती हूँ।"

गुप्ता ने दिल्ली की समस्याओं की गिनाई

रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (AAP) के पिछले 10 साल के कार्यकाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि दिल्ली की जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए आज भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में जल निकासी, स्वच्छता और ट्रैफिक की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने केजरीवाल पर यह भी आरोप लगाया कि वह राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होने की कोशिश में दिल्ली को भुला बैठे हैं।

क्या भगवंत मान को दी जा रही है स्क्रिप्ट?

गुप्ता का दावा है कि भगवंत मान को बोलने नहीं दिया जा रहा और उनके लिए बयानबाज़ी की स्क्रिप्ट दिल्ली से तय होती है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पर दिल्ली से भेजे गए आप नेताओं का नियंत्रण है, जिनकी खुद दिल्ली में साख गिर चुकी है। गुप्ता ने यह भी संकेत दिए कि यह स्थिति केवल भगवंत मान के लिए ही नहीं बल्कि पंजाब के लोगों के लिए भी नुकसानदायक है।

पंजाब की गंभीर समस्याओं पर भी उठाया सवाल

रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि भगवंत मान राज्य में नशे की गंभीर समस्या और बढ़ते कर्ज को लेकर काम करना चाहते हैं। लेकिन जब तक उन्हें स्वतंत्र रूप से फैसले लेने की छूट नहीं मिलेगी, तब तक वे कुछ खास नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा, "मान पूरी नीयत से पंजाब के लिए काम करना चाहते हैं, लेकिन सिस्टम ही उन्हें काम नहीं करने देता।"

Leave a comment