पूर्णिया में दर्दनाक वारदात! चचेरे भाई ने की दो मासूमों की हत्या, तीसरा बच्चा घायल

पूर्णिया के डिंगोज गांव में 22 वर्षीय मो. अरबाज ने अपने चाचा के दो बच्चों की हैंडपंप से हत्या कर दी। तीसरी बच्ची गंभीर हालत में है। आरोपी और उसका साथी गिरफ्तार

पूर्णिया के डिंगोज गांव में 22 वर्षीय युवक ने अपने चाचा के दो बच्चों की हैंडपंप से हत्या की और उनकी जीभ काट दी। तीसरे बच्चे को बचाया गया। आरोपी और उसका साथी गिरफ्तार।

Bihar: पूर्णिया के डिंगोज गांव में मंगलवार देर शाम एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे गांव को हिला कर रख दिया। आरोपी मो. अरबाज (22) ने अपने चाचा के घर में घुसकर तीन बच्चों पर हमला कर दिया। मो. इनायत (5) और गुलनाज (3) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डेढ़ साल की बच्ची कुलसुम गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रही है।

हैंडपंप से किया हमला

लोगों के अनुसार, आरोपी ने कमरे में सो रहे बच्चों पर पहले हैंडपंप से वार किए। दो बच्चों के सिर फट गए और खून दीवारों पर फैल गया। जब बच्चे बेहोश हो गए, तब उसने चाकू निकालकर उनकी जीभ काट दी। तीसरी बच्ची का गला दबाने की कोशिश हो रही थी, तभी परिजन वहां आ पहुंचे।

पुरानी रंजिश बनी वजह

यह पूरा विवाद पुराने पारिवारिक तनाव से जुड़ा था। मृत बच्चों के चाचा के अनुसार, आरोपी पिछले कई वर्षों से घर की घटनाओं को दिल में दबाए बैठा था। छह साल पहले उसकी मामा ने परिवार की एक महिला को लेकर घर से भाग गए थे, जिससे माहौल बिगड़ा था। बाद में मामला शांत हो गया। 

लेकिन आरोपी की नाराज़गी बनी रही। एक साल पहले नशे के लिए पैसे न मिलने पर उसने अपने पिता से मारपीट की, जहां मृत बच्चों के पिता ने बीच-बचाव किया था। तभी से आरोपी उनसे बदला लेने की सोचने लगा।

मंगलवार को आरोपी अरबाज की गांव में किसी से लड़ाई हो गई थी। मो. आलम (मृत बच्चों के पिता) ने उसे समझाते हुए कहा था कि, 'लड़ाई-झगड़ा कर तुम पूरे घर की बदनामी कर रहे हो।'बात सुनकर आरोपी आग-बबूला हो गया और सीधे चाचा के घर पहुंच गया।

मृत बच्चों के पिता ने बताया क्या हुआ

मो. आलम ने कहा, 'हमने शाम 7 बजे बच्चों को खाना खिलाकर सुला दिया था। मैं और मेरी पत्नी खाना खा रहे थे कि बाहर झगड़े की आवाज आई। हमने उसको समझाया और वापस आकर खाना खाने लगे। थोड़ी देर बाद फिर शोर सुनाई दिया। हम जब बाहर निकले, तो देखा कि बच्चे खून से लथपथ पड़े थे। तीसरी बच्ची का गला दबाया जा रहा था।'

आरोपी और साथी गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही रौटा थाना पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। करीब घंटेभर की तलाश के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. अरबाज और उसके साथी मो. हसनैन को पकड़ लिया। दोनों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि वारदात की योजना पहले से बनाई गई थी या गुस्से में अचानक हमला किया गया। साथ ही हसनैन की इस घटना में कितनी भूमिका थी, इसकी भी जांच जारी है।

बच्ची की हालत नाजुक

हमले में बची डेढ़ साल की बच्ची कुलसुम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसके सिर और गर्दन पर गहरे चोट के निशान हैं। परिवार और गांव वाले दुआ कर रहे हैं कि वह जल्द ठीक हो जाए।

Leave a comment