फाजिल्का के अबोहर क्षेत्र में बुधवार को खाले में एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पर गंभीर चोटों के निशान और एक हाथ न होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस जांच में जुटी।
Panjab: फाजिल्का जिले के अबोहर के बकैनवाला गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक दृश्य देखने को मिला। गांव के सरपंच हरदीप सिंह खाले के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर पानी में पड़े महिला के शव पर पड़ी। शव अर्धनग्न हालत में था और उसका एक हाथ भी गायब था। यह देखकर उन्होंने तुरंत थाना खुईखेड़ा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एएसआई राज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शहर की नर सेवा नारायण सेवा समिति के स्वयंसेवकों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शव की हालत देखने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसे स्पष्ट रूप से संदिग्ध मामला बताया।
शव पर कई चोटों के निशान
शव की जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। सरपंच और समिति सदस्यों के अनुसार, महिला की उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष के बीच लगती है। उसने गुलाबी सलवार पहन रखी थी और उसके बाएं पैर में चांदी की एक पाजेब भी थी।
लेकिन सबसे गंभीर और चिंता बढ़ाने वाली बात यह थी कि उसके गुप्तांगों पर चोट के निशान मिले, शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव दिखाई दिए और एक हाथ भी गायब था। इन स्थितियों को देखकर स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि महिला की हत्या कर उसे किसी सुनसान जगह से यहां फेंका गया होगा।
पहचान नहीं हो सकी
पुलिस ने बताया कि अभी तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों और कस्बों में महिला की गुमशुदगी से संबंधित कोई सूचना नहीं मिली है। एएसआई राज कुमार ने कहा कि शव पर मिले चोटों के निशानों को ध्यान में रखते हुए हत्या सहित हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है।
पुलिस ने आसपास के लोगों से अपील की है कि यदि किसी महिला की गुमशुदगी की जानकारी है या किसी परिवार की महिला लापता है, तो अबोहर के सरकारी अस्पताल में संपर्क करें, जहां शव को सुरक्षित रखा गया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट देगी असली वजह
पुलिस का मानना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा। रिपोर्ट से यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि महिला की मौत पहले हुई या उसे मारने के बाद शरीर को विकृत किया गया। पुलिस टीम आसपास के गांवों में जाकर लोगों से पूछताछ कर रही है और पिछले कुछ दिनों में महिलाएं लापता होने की दर्ज शिकायतों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।










