फतुहा में गंगा किनारे ढलाई सड़क पर मासूम का कटा सिर मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव कब्जे में लिया और फॉरेंसिक जांच शुरू की। बच्चे की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
Bihar: यह घटना फतुहा थाना क्षेत्र के नदी थाना इलाके की है। सोमवार की रात कच्ची दरगाह स्थित मजार के पीछे गंगा नदी की ओर जाने वाली ढलाई सड़क पर ग्रामीणों की नजर एक मासूम बच्चे के कटे सिर पर पड़ी। पहले तो लोग सन्न रह गए, फिर तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। पुलिस ने बच्चे के सिर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मासूम की हत्या किसी दूसरे स्थान पर की गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को गंगा नदी के किनारे फेंका गया।
पुलिस के अनुसार, आवारा कुत्ते शव के सिर वाले हिस्से को खींचकर मुख्य सड़क तक ले आए, जिससे लोगों की नजर उस पर पड़ी। फिलहाल पुलिस को बच्चे का धड़ नहीं मिला है। सिर को किसी धारदार हथियार से शरीर से अलग किया गया है।

पुलिस ने बताया कि बच्चे के कान और बालों पर ताजे खून के धब्बे मिले हैं और चेहरे पर मिट्टी लगी हुई है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या कुछ ही समय पहले की गई है।
नरबलि की आशंका
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों के बीच नरबलि और तांत्रिक क्रिया की चर्चा आम रही। लोगों का कहना है कि इस तरह से मासूम की हत्या किसी अंधविश्वास से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल नरबलि की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए जांच तेज कर दी गई है।
पहचान की कोशिश जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। नदी थाना के अपर थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि शव के अवशेष को पोस्टमॉर्टम के लिए पटना भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के समय और तरीके को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी।
फिलहाल बच्चे की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों और जिलों से संपर्क कर पिछले कुछ दिनों में लापता बच्चों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि अगर किसी का बच्चा लापता है या कोई संदिग्ध गतिविधि देखी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।










