पंजाब कांग्रेस ने संगठन को एकजुट करने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करने की कवायद शुरू कर दी है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह के नेतृत्व में पार्टी का नया अभियान आज, 8 अक्टूबर से अमृतसर में शुरू होगा।
Punjab Congress 2027: पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने संगठन को सक्रिय करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी अब नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता का संदेश देने के साथ चुनावी गतिविधियों को तेज करने की तैयारी में है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह के नेतृत्व में पार्टी का नया अभियान आज, 8 अक्टूबर से अमृतसर में शुरू होगा।
कांग्रेस की योजना इस अभियान के जरिए संगठन के अलग-अलग धड़ों को एक मंच पर लाने और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की चुनावी तैयारियों को मजबूत करने की है। अभियान की शुरुआत अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के साथ होगी।
अमृतसर से शुरू होगा चार दिवसीय कार्यक्रम
सचिन पायलट और परगट सिंह दिल्ली से पंजाब पहुंचेंगे। अमृतसर में धार्मिक स्थल पर मत्था टेकने के बाद पार्टी के कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इस दौरान पंजाब कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके बाद कांग्रेस ने चार दिनों का कार्यक्रम तैयार किया है। 8 अक्टूबर को अमृतसर, 9 अक्टूबर को चिंतपूर्णी, 10 अक्टूबर को जालंधर और 11 अक्टूबर को चंडीगढ़ में पार्टी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेस का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश संगठन में समन्वय बढ़ाना और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए सक्रिय करना है। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से पहले जनता के बीच एकजुट और संगठित कांग्रेस की छवि मजबूत की जाए।
11 अक्टूबर को परगट सिंह संभालेंगे जिम्मेदारी

नवनियुक्त पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह 11 अक्टूबर को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में औपचारिक रूप से प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालेंगे। यह कार्यक्रम पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस इसे बड़े संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर आयोजित करने की तैयारी कर रही है। पार्टी के अनुसार, कार्यक्रम में 5,000 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल के अलावा पूर्व सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेता और जिला स्तर के पदाधिकारी भी समारोह में मौजूद रह सकते हैं। इस आयोजन के जरिए कांग्रेस प्रदेश संगठन को चुनावी मोड में लाने और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह बढ़ाने का प्रयास करेगी।
राहुल और प्रियंका के पंजाब दौरे की तैयारी
प्रदेश अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह के बाद कांग्रेस का अगला फोकस राष्ट्रीय नेताओं के पंजाब दौरे पर हो सकता है। पार्टी अक्टूबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं के पंजाब दौरे की तैयारी कर रही है। इन संभावित दौरों के जरिए कांग्रेस प्रदेश में राजनीतिक माहौल बनाने के साथ-साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम करेगी। पार्टी की कोशिश चुनाव से काफी पहले कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर जमीनी स्तर पर संपर्क अभियान बढ़ाने की है।
साइकिल रैली और बस यात्रा की योजना
कांग्रेस के भीतर पंजाब में जनसंपर्क बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रमों पर चर्चा चल रही है। इनमें साइकिल रैली निकालने का सुझाव भी शामिल है। इसके अलावा पार्टी की पहले से प्रस्तावित बस यात्रा को भी आगे बढ़ाने की योजना है। बस यात्रा को अमृतसर से शुरू कर पंजाब के अलग-अलग जिलों तक ले जाने पर विचार किया जा रहा है। ऐसे कार्यक्रमों के जरिए कांग्रेस ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं तथा आम जनता से सीधे संपर्क बढ़ाना चाहती है।











