राम मंदिर का धर्मध्वजा बना सनातन आस्था का नया प्रतीक, घरों और मार्केट में बढ़ी मांग

राम मंदिर का धर्मध्वजा अब सनातन आस्था का नया प्रतीक बन चुका है। मंदिरों, घरों और मार्केट में इसकी मांग तेजी से बढ़ी है। पढ़ें धर्मध्वजा से जुड़ी विशेषताएँ
राम मंदिर का धर्मध्वजा बना सनातन आस्था का नया प्रतीक, घरों और मार्केट में बढ़ी मांग

राम मंदिर के मुख्य शिखर पर फहरा रही धर्मध्वजा अब सनातन धर्मावलंबियों के लिए एक नया प्रतीक बन चुकी है। घरों के शिखर पर भी इन दिनों यही ध्वज फहरा रही है और यह धर्म, आस्था और सनातन का प्रतीक बन गया है।

अयोध्या: राम मंदिर के मुख्य शिखर पर फहरा रही धर्मध्वजा अब सनातन धर्मावलंबियों के बीच आस्था और विजय का नया प्रतीक बन गई है। ध्वजारोहण के बाद से ही यह धर्मध्वज श्रद्धालुओं का आकर्षण बन गया है। देश-विदेश से आए भक्त इस ध्वज को देखने और अपने साथ लेने के लिए रामनगर आते हैं। अब यह केवल राम मंदिर तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि घरों के शिखरों पर भी श्रद्धालु इसे फहराने लगे हैं।

धर्मध्वजा का रंग, आकार और प्रतीक इसे सनातन धर्म का ब्रांड बना चुका है। स्थानीय बाजारों में इसकी मांग बढ़ गई है और दुकानदार इसे खूब बेच रहे हैं। भक्त इसे घर पर फहराने के साथ-साथ पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों में भी इस्तेमाल कर रहे हैं।

रामनगर में बढ़ी बिक्री 

रामनगर के रानी बाजार और रामपथ-धर्मपथ पर धर्मध्वज की दुकानों पर विशेष सजावट की गई है। दुकानें इसे प्रमुखता से प्रदर्शित कर रही हैं। ध्वज का मूल्य 100 रुपये से लेकर 250 रुपये तक है, जो आकार और क्वालिटी पर निर्भर करता है। कई थोक विक्रेता ध्वज को विशेष रूप से तैयार कर रहे हैं, ताकि बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके। 

स्थानीय दुकानदार नेहा गुप्ता बताती हैं, धर्मध्वजा की मांग लगातार बढ़ रही है। जैसे-जैसे भक्त आते हैं, हम नए बैच तैयार कर विक्रेताओं को उपलब्ध कराते हैं। यह सनातन धर्म की आस्था और प्रतीक है और इसका बाजार तेजी से बढ़ रहा है।

भक्तों का उत्साह और ध्वज की पसंद

राम मंदिर का धर्मध्वजा बना सनातन आस्था का नया प्रतीक, घरों और मार्केट में बढ़ी मांग

धर्मध्वजा का आकर्षण न केवल स्थानीय लोगों तक सीमित है। गोरखपुर के मोहन यादव बताते हैं कि उन्होंने बाजार में राम मंदिर के शिखर पर फहराए ध्वज जैसी ही पताका खोजी। वे इसे अपने घर पर फहराने के लिए लाए हैं। पश्चिम बंगाल से आए शिब्रम चक्रवर्ती ने कहा,

'मैंने रामपथ से एक धर्मध्वजा खरीदी है। इसे मैं अपने घर पर फहराऊँगा। यह मेरी आस्था का प्रतीक है।'

वहीं सुचित्रा भट्टाचार्य ने भगवा रंग की ध्वजा खरीदी, जिस पर हनुमानजी का प्रतीक अंकित है। उन्होंने इसे खरीदकर खुशी जताई और कहा कि यह उनके लिए धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखती है।

धर्म, आस्था और सांस्कृतिक प्रतीक

राम मंदिर की धर्मध्वजा न केवल धार्मिक प्रतीक बन गई है, बल्कि यह सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की विजय का संदेश भी देती है। यह श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का केंद्र बन गई है। घरों और मंदिरों के शिखरों पर इसे फहराने से श्रद्धालु अपने धार्मिक भावनाओं को व्यक्त कर रहे हैं। स्थानीय महिलाओं और उद्यमियों ने भी इस ध्वज को व्यवसायिक अवसर के रूप में अपनाया है। नेहा गुप्ता बताती हैं कि अब दुकानें और थोक विक्रेता ध्वज की मांग के अनुसार उत्पादन कर रहे हैं। यह सनातन धर्म के प्रचार और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी फायदेमंद साबित हो रहा है।

Leave a comment