कौन हैं आलोक मेहता? तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी में विधानसभा में संभाला मोर्चा, विवादों से भी रहा है नाता

तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी में आलोक मेहता ने बिहार विधानसभा में मोर्चा संभाला। राजनीति और विवादों से जुड़े उनके सफर के बारे में जानें। पढ़ें आलोक मेहता की
कौन हैं आलोक मेहता? तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी में विधानसभा में संभाला मोर्चा, विवादों से भी रहा है नाता

बिहार के पूर्व मंत्री और राजद विधायक आलोक मेहता ने बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूरक बजट पर चर्चा करते हुए सरकार की नीतियों पर कई सवाल उठाए और मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के आगे बने रहने पर भी गंभीर सवाल किए।

पटना: बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आलोक मेहता ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी में विपक्ष की ओर से मोर्चा संभालते हुए सरकार पर तीखे हमले किए। पूरक बजट से लेकर महिला रोजगार योजना और बुलडोजर कार्रवाई तक, उनके भाषण ने सदन में राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया। हालांकि, आलोक मेहता का नाम केवल उनकी राजनीति ही नहीं, बल्कि विवादित बयानों और जांच एजेंसियों की कार्रवाई के कारण भी चर्चा में रहा है।

विधानसभा में सरकार पर तीखा हमला

वित्त विभाग पर चर्चा के दौरान आलोक मेहता ने पूरक बजट की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब यह एक गलत परंपरा बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कोरोना काल नहीं है, जब बार-बार पूरक बजट लाना जरूरी था। उनके मुताबिक, योजनाओं की सही वित्तीय योजना न बनाने के कारण सरकार को बार-बार पूरक बजट लाना पड़ता है, जिससे राज्य पर अनावश्यक वित्तीय बोझ बढ़ता है। उन्होंने इशारा किया कि कई बार योजनाओं के विस्तार का दबाव ठेकेदारी व्यवस्था से जुड़ा होता है।

आलोक मेहता ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का स्वागत करते हुए उसकी दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राज्य में सिर्फ 1.30 करोड़ नहीं, बल्कि करीब 6 करोड़ महिलाएं हैं। ऐसे में यदि कुछ महिलाओं को ही 10 हजार रुपये मासिक सहायता दी जाती है, तो बाकी महिलाओं के साथ न्याय कैसे होगा? उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या इस योजना का दीर्घकालिक आर्थिक ढांचा स्पष्ट है।

बुलडोजर संस्कृति पर तीखी टिप्पणी

सदन में आलोक मेहता ने तथाकथित “बुलडोजर संस्कृति” पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि बुलडोजर के जरिए कार्रवाई करना बिहार की लोकतांत्रिक परंपरा और सभ्यता के खिलाफ है। उन्होंने चेताया कि किसी भी हालत में कानून के नाम पर सत्ता का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए और संविधान के दायरे में ही कार्रवाई होनी चाहिए।

कौन हैं आलोक मेहता? तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी में विधानसभा में संभाला मोर्चा, विवादों से भी रहा है नाता

कौन हैं आलोक मेहता?

आलोक मेहता बिहार सरकार में पहले भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री रह चुके हैं। वह समस्तीपुर जिले की उजियारपुर विधानसभा सीट से आरजेडी के विधायक हैं। वे पार्टी के संस्थापक सदस्यों में गिने जाते हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। राजद की संगठनात्मक मजबूती में उनका अहम योगदान माना जाता है।

अपने राजनीतिक करियर में आलोक मेहता कई बार विवादों में घिर चुके हैं। सबसे बड़ा विवाद उस समय हुआ था जब उन्होंने आरक्षण के संदर्भ में टिप्पणी करते हुए कहा था कि “दस फीसदी आरक्षण वाले अंग्रेजों के दलाल थे।” इस बयान के बाद सवर्ण समाज में भारी आक्रोश फैल गया था। राज्यभर में उनके खिलाफ प्रदर्शन हुए और उनकी कड़ी आलोचना की गई। इस मुद्दे पर खुद उनकी पार्टी भी पूरी तरह खुलकर उनके समर्थन में नहीं आई थी।

इसी वर्ष जनवरी में आलोक मेहता के विभिन्न ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी भी हुई थी। यह कार्रवाई कथित आय से अधिक संपत्ति और वित्तीय लेन-देन से जुड़े मामलों में की गई थी। इस रेड के बाद उन्होंने आरोपों को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया था। चुनावी हलफनामे के अनुसार, आलोक मेहता की कुल घोषित संपत्ति लगभग 10.58 करोड़ रुपये है, जबकि उन पर करीब 16.33 लाख रुपये की देनदारी भी है। उनके पास चल-अचल संपत्तियां हैं, जिनमें भूमि और आवासीय संपत्तियां प्रमुख हैं।

Leave a comment