रायपुर के पंडरी इलाके में तीन दुकानों में चोरी कर चोर 7 लाख से ज्यादा नकदी ले गए। आरोपी मुंह में कपड़ा बांधकर घुसे थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
Chhattisgarh: सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई इस चोरी की घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लाभांडी निवासी शिव कुमार वर्मा (70) की पंडरी इलाके में “लब-डब” नाम से कपड़े की दुकान है। 31 जनवरी की रात करीब 10 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह 1 फरवरी को करीब 10 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्हें गड़बड़ी का आभास हुआ।
दुकान के अंदर गल्ले का दराज खुला हुआ था और उसमें रखी बिक्री की नकदी गायब थी। जांच करने पर पता चला कि चोर दुकान के पीछे लगे छप्पर की टिन शेड तोड़कर अंदर घुसे थे। गल्ले में रखे करीब 2 लाख 75 हजार रुपए चोरी हो चुके थे।
तीन दुकानों को बनाया निशाना
इसी इलाके में स्थित “नोवा फर्नीचर” दुकान भी चोरों के निशाने पर रही। यहां भी चोरों ने छप्पर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब 1 लाख 40 हजार रुपए नकद ले उड़े। इसके अलावा पास की ही “डिजाइनर सेनिटेशन और हार्डवेयर” दुकान में भी चोरी की गई। यहां से चोरों ने करीब 2 लाख 85 हजार रुपए नकद चुरा लिए।
![]()
तीनों दुकानों से कुल मिलाकर लगभग 7 लाख रुपए से अधिक की नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। पीड़ित कारोबारियों में शिव कुमार वर्मा और मोहम्मद अमजद के नाम सामने आए हैं। लगातार तीन दुकानों में हुई इस चोरी से व्यापारियों में नाराजगी और डर दोनों साफ दिखाई दे रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पीड़ित कारोबारियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की है।
कैमरों की रिकॉर्डिंग में साफ दिख रहा है कि आरोपी मुंह में कपड़ा बांधकर दुकानों में घुसे थे। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वे उसी रास्ते से फरार हो गए। पुलिस ने दुकान संचालकों के साथ-साथ दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए हैं, ताकि किसी अंदरूनी जानकारी की भूमिका को भी जांचा जा सके।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही संदिग्धों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पंडरी इलाके के व्यापारी सहमे हुए हैं। व्यापारियों ने रात में गश्त बढ़ाने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।











