बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ से ज्यादा प्रोफेशनल लाइफ पर फोकस कर रही हैं और उन्होंने अपना ब्रांड शुरू करने के साथ-साथ पॉडकास्टिंग की दुनिया में भी कदम रख दिया है।
Rhea Chakraborty Egg Freezing: बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार किसी विवाद को लेकर नहीं, बल्कि अपने जीवन से जुड़े एक अहम और आधुनिक फैसले को लेकर। 33 वर्षीय रिया ने हाल ही में खुलासा किया है कि वह एग फ्रीज कराने की प्रक्रिया पर गंभीरता से विचार कर रही हैं और इसके लिए उन्होंने गायनोलॉजिस्ट से परामर्श भी ले लिया है। यह खुलासा उन्होंने अपने पॉडकास्ट “चैप्टर 2” के एक एपिसोड में अभिनेत्री हुमा कुरैशी से बातचीत के दौरान किया।
रिया चक्रवर्ती इन दिनों अपने करियर और निजी व्यवसाय पर पूरी तरह फोकस कर रही हैं। फिल्मों से कुछ समय की दूरी बनाने के बाद उन्होंने अपना खुद का ब्रांड लॉन्च किया है और साथ ही एक सफल पॉडकास्ट भी चला रही हैं, जिसमें वह सेलेब्रिटीज से उनकी निजी जिंदगी, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन के अनुभवों पर खुलकर बातचीत करती हैं।
महिलाओं की जैविक घड़ी और सामाजिक दबाव पर बोलीं रिया
पॉडकास्ट के दौरान रिया ने 30 की उम्र के बाद महिलाओं पर बढ़ते सामाजिक और पारिवारिक दबाव को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा,
'30 की उम्र के बाद महिलाओं से बार-बार पूछा जाने लगता है कि शादी कब करेंगी, बच्चे कब होंगें। ऐसा लगता है जैसे एक जैविक घड़ी लगातार आपको याद दिला रही हो कि अब वक्त निकल रहा है।'
रिया ने बताया कि इसी सोच के चलते उन्होंने एग फ्रीज कराने पर विचार किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान महिलाओं को यह अवसर देता है कि वे अपने करियर और निजी फैसलों के बीच संतुलन बना सकें।
![]()
मेरे पास पहले से एक बच्चा है – मेरा ब्रांड
हुमा कुरैशी से बातचीत के दौरान रिया ने एक भावनात्मक और दिलचस्प बात भी साझा की। उन्होंने कहा,
'मैं 33 साल की हूं और हाल ही में एग फ्रीज करवाने के लिए गायनोलॉजिस्ट के पास गई थी। एक तरफ आपकी बॉडी बताती है कि अब आपको बच्चे कर लेने चाहिए, लेकिन दूसरी तरफ दिमाग कहता है कि आपके पास पहले से एक बच्चा है – आपका बिजनेस, आपका ब्रांड। और फिलहाल उसी बच्चे को आपको पालना है।'
उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है, क्योंकि यह आज की कामकाजी और आत्मनिर्भर महिलाओं की सोच को दर्शाता है।
वर्कफ्रंट से दूर, बिजनेस और पॉडकास्ट पर फोकस
इससे पहले रिया चक्रवर्ती ने एक इंटरव्यू में साफ कहा था कि वह “शादी की सही उम्र” जैसी किसी अवधारणा में विश्वास नहीं रखतीं। उनके अनुसार, शादी और बच्चे हर व्यक्ति का निजी निर्णय होता है, और इसे समाज के दबाव में तय नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि महिलाओं पर जल्दी शादी और मातृत्व को लेकर जो दबाव बनाया जाता है, वह मानसिक रूप से काफी थकाने वाला होता है। रिया का मानना है कि हर महिला को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का अधिकार होना चाहिए।
वर्कफ्रंट की बात करें तो रिया चक्रवर्ती फिलहाल किसी फिल्म या वेब सीरीज़ में नजर नहीं आ रही हैं। वह इस समय अपने बिजनेस और पॉडकास्ट को आगे बढ़ाने में व्यस्त हैं। उनके पॉडकास्ट में अब तक कई बड़े सेलिब्रिटी मेहमान के रूप में शामिल हो चुके हैं, जहां रिया उनसे करियर, रिश्तों, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन के संघर्षों पर खुलकर सवाल करती हैं।









