रूस से जारी जंग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने यूक्रेन के मिलिट्री इंटेलिजेंस के प्रमुख जनरल किरिलो बुडानोव को अपना नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है।
कीव: यूक्रेन और रूस के बीच जारी संघर्ष के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने प्रशासन में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने किरिलो बुडानोव को अपना नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है। बुडानोव ने एंड्री यरमक की जगह ली है, जो भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते नवंबर 2025 में इस्तीफा दे चुके थे। चलिए जानते हैं कि किरिलो बुडानोव कौन हैं और उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध में किस तरह की भूमिका निभाई है।
किरिलो बुडानोव कौन हैं?
किरिलो बुडानोव यूक्रेन की मिलिट्री इंटेलिजेंस एजेंसी (GUR) के प्रमुख हैं। 39 साल की उम्र में बुडानोव युद्धकालीन रणनीति और खुफिया अभियानों के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्हें रूस की सैन्य संपत्तियों और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाने वाले कई सफल ऑपरेशनों का श्रेय जाता है। उनकी स्वतंत्र और रहस्यमयी पर्सनैलिटी ने उन्हें यूक्रेन के सबसे चर्चित और लोकप्रिय सैन्य चेहरों में शामिल कर दिया है।
किरिलो बुडानोव ने 2014 में रूस के क्रीमिया कब्जे के बाद से यूक्रेन की रक्षा और खुफिया गतिविधियों में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने पूर्वी यूक्रेन और क्रीमिया में रूस समर्थित अलगाववादी ताकतों के खिलाफ कई विशेष अभियानों का नेतृत्व किया। फरवरी 2022 में रूस के पूर्ण पैमाने के आक्रमण से पहले भी बुडानोव ने कई महत्वपूर्ण मिशनों में हिस्सा लिया था।
GUR के प्रमुख के रूप में बुडानोव की जिम्मेदारी फ्रंटलाइन से दूर रहकर रूस की सैन्य क्षमताओं और रणनीतिक ठिकानों को कमजोर करना रही है। उन्होंने रूसी कमांड संरचनाओं, लॉजिस्टिक्स हब, ऊर्जा बुनियादी ढांचे और नौसैनिक संपत्तियों पर कई सफल हमले कराए।

बुडानोव: यूक्रेन के खुफिया प्रयासों का चेहरा
किरिलो बुडानोव को यूक्रेन की खुफिया और रणनीतिक योजना का प्रमुख चेहरा माना जाता है। वह नियमित रूप से इंटरव्यू और ब्रीफिंग में दिखाई देते हैं और रूस के इरादों के बारे में चेतावनी देते हैं। उनके नेतृत्व में GUR ने कई खुफिया नेटवर्क और विशेष अभियानों का विस्तार किया, जिससे फ्रंटलाइन से दूर रहते हुए रूस की सैन्य क्षमताओं को प्रभावी ढंग से नुकसान पहुँचाया गया।
रूस ने बुडानोव और उनके परिवार को कई बार निशाना बनाया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें रूस द्वारा कई हत्या की कोशिशों से बचाया गया। नवंबर 2023 में उनकी पत्नी मारियाना बुडानोव को जहर देने के बाद कीव के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुडानोव अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ कैदी अदला-बदली और अन्य बातचीत में भी शामिल रहे हैं।











