रूस ने कीव पर रातभर 550 ड्रोन और मिसाइलें दागीं। शाहिद ड्रोन और क्रूज मिसाइलों से हमला हुआ। 23 लोग घायल हुए। यूक्रेन ने 279 ड्रोन मार गिराने का दावा किया है। कीव में भारी नुकसान हुआ।
Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच शुक्रवार की रात रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर भीषण हमला किया। इस हमले में रूस ने ड्रोन और मिसाइलों से कई जगहों को निशाना बनाया। कीव में हुए इस हमले में 23 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के एयर डिफेंस सिस्टम ने दावा किया है कि उन्होंने हमले के दौरान 279 ड्रोन और दो क्रूज मिसाइलों को मार गिराया।
एक ही रात में दागे गए 550 ड्रोन और मिसाइलें
रूसी वायुसेना ने जानकारी दी है कि एक ही रात में उन्होंने कुल 550 ड्रोन और मिसाइलें यूक्रेन की ओर दागीं। इनमें बड़ी संख्या में ईरान निर्मित शाहिद ड्रोन और 11 मिसाइलें शामिल थीं। यूक्रेनी सेना ने कहा कि हमले के अधिकतर टार्गेट की पहचान कर ली गई और बड़ी संख्या में हमले विफल कर दिए गए।
कीव में धमाकों और गोलियों की आवाज से दहशत
हमले के दौरान कीव में लगातार धमाकों, ड्रोन की आवाज और मशीन गनों की फायरिंग की आवाजें सुनी गईं। मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि हमला बहुत गंभीर था और कीव इसका मुख्य केंद्र था। घायल हुए 23 लोगों में से 14 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले भी हो चुके हैं बड़े हमले
एक हफ्ते पहले भी रूस ने यूक्रेन पर बड़ा हवाई हमला किया था। उस हमले में रूस ने 537 ड्रोन और 60 मिसाइलें दागी थीं। उस दौरान कीव के 10 से अधिक इलाकों में नुकसान पहुंचा था। खासकर सोलोमिंस्की जिले में एक पांच मंजिला इमारत आंशिक रूप से नष्ट हो गई थी और एक सात मंजिला इमारत की छत पर आग लग गई थी।