केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि जब भगवंत मान हास्य कलाकार थे, तब वे अपने कार्यक्रमों के जरिए ड्रग्स और भ्रष्टाचार को महिमामंडित किया करते थे।
चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में इन दिनों एक नया विवाद खड़ा हो गया है। केंद्रीय राज्यमंत्री और बीजेपी नेता रवनीत बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पुराने कॉमेडी शो पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके कार्यक्रमों के जरिए ड्रग्स, भ्रष्टाचार और शिक्षा में रिश्वतखोरी जैसी चीजों को महिमामंडित किया गया। उन्होंने साफ कहा कि 2027 में अगर पंजाब में भाजपा सरकार बनती है तो इन पुराने शोज की जांच जरूर करवाई जाएगी। रवनीत बिट्टू का यह बयान पंजाब की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे चुका है।
रवनीत बिट्टू का आरोप - कॉमेडी के नाम पर भ्रष्टाचार और नशे को बताया सामान्य
केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने लुधियाना में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भगवंत मान जब हास्य कलाकार थे, तब उन्होंने अपने लोकप्रिय कॉमेडी शो 'जुगनू कहंदा है' और 'जुगनू मस्त मस्त' के जरिए ड्रग्स, रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों का मजाक उड़ाया और परोक्ष रूप से इन्हें आम जीवन का हिस्सा बताया।
बिट्टू ने आरोप लगाया कि उन शोज में बार-बार ऐसे संदर्भ दिए गए, जिनसे यह संदेश गया कि 'पंजाब में शराब, रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार आम बात है।' उन्होंने यह भी दावा किया कि भगवंत मान के वही विचार आज भी उनके शासन में दिख रहे हैं।
2027 में सरकार बनी तो होगी जांच: रवनीत बिट्टू
रवनीत बिट्टू ने साफ तौर पर कहा कि "ये महज संयोग नहीं हो सकता कि भगवंत मान के शो में बार-बार शराब, नशा, रिश्वत जैसे विषयों को महिमामंडित किया गया। अगर 2027 में पंजाब में भाजपा सरकार बनती है, तो इन कार्यक्रमों और इनके पीछे की मानसिकता की गंभीर जांच करवाई जाएगी। कौन लोग इनका हिस्सा थे, किनके इशारे पर यह सब होता था, सब सामने लाया जाएगा।"
उन्होंने कहा कि जो इंसान पहले कॉमेडी के नाम पर शिक्षा, प्रशासन, पुलिस, सरकारी तंत्र का मजाक उड़ाता रहा हो, वही आज शिक्षा क्रांति की बातें कर रहा है, ये दोहरा रवैया पंजाब की जनता समझ चुकी है।
शिक्षा क्रांति योजना पर भी बोला हमला
रवनीत बिट्टू ने पंजाब सरकार की 'शिक्षा क्रांति योजना' पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जो व्यक्ति खुद अपने कॉमेडी शोज में शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था का मजाक उड़ाता रहा हो, वह युवाओं को बेहतर शिक्षा और नशे से मुक्ति का सपना कैसे दिखा सकता है? उन्होंने कहा कि भगवंत मान की सरकार की नीतियां सिर्फ प्रचार तक सीमित हैं, जमीनी हकीकत में बदलाव नहीं हो रहा।
रवनीत बिट्टू ने यह भी आरोप लगाया कि भगवंत मान और बादल परिवार के बीच गुप्त साठगांठ है। दोनों ने अलग-अलग समय पर पंजाब में ड्रग्स माफिया और नशे के कारोबार को पनपने दिया। उन्होंने कहा कि "एक ने सत्ता में रहते हुए किया, दूसरा अब कर रहा है। फर्क सिर्फ चेहरे का है, मंशा वही पुरानी है। बिट्टू के मुताबिक पंजाब में युवाओं को नशे से दूर ले जाने के बजाय, मौजूदा सरकार भी वही पुरानी गलतियां दोहरा रही है।