भिलाई में शादीशुदा प्रेमी ने शादी से इनकार पर प्रेमिका के गले पर ब्लेड से हमला किया। युवती गंभीर रूप से घायल हुई। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
Chhattisgarh: पुलगांव थाना क्षेत्र के जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि वह और आरोपी अमन निषाद (20) पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध में थे। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी और युवक ने शादी का भरोसा भी दिया था।
करीब तीन महीने पहले युवती को पता चला कि अमन निषाद ने किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली है। यह जानकर वह मानसिक रूप से आहत हो गई और उसने आरोपी से बातचीत पूरी तरह बंद कर दी। इसके बाद भी आरोपी उसे लगातार संपर्क करने की कोशिश करता रहा।
आखिरी मुलाकात के बहाने बुलाया
24 दिसंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे आरोपी ने युवती को फोन कर कहा कि वह उससे आखिरी बार मिलकर बात करना चाहता है। आरोपी की बातों पर भरोसा कर युवती अपने घर के बाहर गली में पहुंची।
वहां पहले से मौजूद अमन निषाद ने युवती पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब युवती ने साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी उग्र हो गया। उसने युवती का गला दबाते हुए कहा कि अगर वह उसकी नहीं हो सकती, तो किसी और की भी नहीं हो सकती।

इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे ब्लेड से युवती के गले पर दो से तीन बार वार कर दिया। हमले में युवती के गले में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। फिलहाल इलाज के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वारदात के बाद फरार
युवती के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे घबराकर आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार था। पुलिस की जांच में पता चला कि वह महाराष्ट्र के नागपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद दुर्ग पुलिस की एक विशेष टीम नागपुर रवाना हुई और आरोपी को वहां से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी अमन निषाद को 29 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी कर जल्द ही चार्जशीट पेश की जाएगी।










