भिलाई-3 के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में नहर से 44 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान खुर्सीपार निवासी सतीश प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शराब के नशे में फिसलने से मौत की आशंका है।
Chhattisgarh: मंगलवार सुबह करीब 8 बजे भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर छोटी पुलिया के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने नहर के पानी में एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा देखा। कुछ देर तक लोग यह समझ नहीं पाए कि शव जीवित है या नहीं, लेकिन पास जाकर देखने पर स्थिति स्पष्ट हो गई। इसके बाद तुरंत भिलाई-3 पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नगर निगम की सहायता से शव को नहर से बाहर निकलवाया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र से लोगों की भीड़ जमा हो गई।
फॉरेंसिक टीम ने की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित किया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने नहर के आसपास का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। साथ ही पुलिस ने यह भी जांच शुरू कर दी है कि मृतक नहर तक कैसे पहुंचा।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा और घटना के समय वह अकेला था या किसी के साथ।
शराब का आदी था मृतक
भिलाई-3 थाना प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था। वह अक्सर नशे की हालत में घर से बाहर निकल जाता था और कई बार सड़क या सुनसान जगहों पर पड़ा हुआ भी पाया गया था।
पुलिस को आशंका है कि रविवार रात या सोमवार तड़के सतीश शराब के नशे में नहर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर पड़ा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस ने अभी तक किसी भी तरह की हत्या या साजिश की आशंका से इनकार किया है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान खुर्सीपार गौतम नगर निवासी सतीश प्रसाद (44 वर्ष) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मर्चुरी में भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है और मामले से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने के लिए परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।










