Pune

शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से सकुशल वापसी पर जश्न का माहौल, माता-पिता हुए भावुक

शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से सकुशल वापसी पर जश्न का माहौल, माता-पिता हुए भावुक

एक्सिओम-4 मिशन से लौटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की सुरक्षित वापसी पर उनके परिवार और पूरे देश में जश्न का माहौल है। मां-पिता भावुक हुए, पीएम मोदी ने उन्हें प्रेरणा बताया।

Shubhanshu Shukla Returns: भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से अपने ऐतिहासिक मिशन को पूरा कर सकुशल धरती पर लौट आए हैं। एक्सिओम-4 (Axiom-4) मिशन के तहत उन्होंने 18 दिन तक अंतरिक्ष में रहकर कई अहम प्रयोगों और मिशनों को अंजाम दिया। उनकी वापसी के साथ ही देशभर में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।

माता-पिता ने जताई खुशी, मां की आंखों में आए आंसू

शुभांशु के लौटने के बाद उनके परिवार में बेहद भावुक क्षण देखने को मिला। मां आशा शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनका बेटा बहुत बड़ा मिशन पूरा करके लौटा है। उन्होंने कहा कि मिशन के दौरान हर पल भगवान से बेटे की सलामती की दुआ करती रहीं। मां ने कहा कि लैंडिंग के समय मन में डर था, लेकिन जैसे ही खबर मिली कि शुभांशु सुरक्षित लौट आए हैं, सारा डर खत्म हो गया। अब उनके दिल को पूरी तरह शांति मिली है।

पिता ने जताया सबका आभार

शुभांशु के पिता शंभू दयाल शुक्ला ने भी बेटे की वापसी पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए गर्व का क्षण है और वह उन सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने शुभांशु की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि इस मिशन ने देश को गौरवांवित किया है। परिवार ने बेटे की वापसी पर केक काटकर खुशी मनाई।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस उपलब्धि पर शुभांशु को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि वह ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि शुभांशु ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा कर एक अरब भारतीयों के सपनों को प्रेरणा दी है। यह भारत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।

22.5 घंटे की यात्रा के बाद लौटे धरती पर

शुभांशु शुक्ला Axiom-4 मिशन के तहत तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ स्पेस से लौटे हैं। उनकी वापसी यात्रा कुल 22.5 घंटे की रही। स्पेसकैप्सूल की लैंडिंग अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन डिएगो के समुद्री तट पर की गई। यह मिशन निजी स्पेस कंपनी एक्सिओम स्पेस और नासा की साझेदारी में संचालित किया गया था।

भारत के लिए एक नई उपलब्धि

यह मिशन भारत के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। शुभांशु शुक्ला न केवल भारतीय वायुसेना के अधिकारी हैं बल्कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले पहले भारतीय रक्षा अधिकारी होने का गौरव भी हासिल किया। इस उपलब्धि ने भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं को नई दिशा दी है।

Leave a comment