20 सितंबर को हुई SI भर्ती री-एग्जाम के सेंटर का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद RPSC अफसर ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में वीडियो को RAS मॉक टेस्ट से जुड़ा बताया गया और आरोपी के SI परीक्षा में शामिल न होने की बात सामने आई।
जयपुर: पेपर लीक के कारण रद्द हुई SI भर्ती परीक्षा-2021 की री-एग्जाम के बाद परीक्षा केंद्र का वीडियो वायरल होने से विवाद खड़ा हो गया। वीडियो में व्हाइट बोर्ड, क्वेश्चन पेपर और OMR शीट दिखाई दे रही थी। RPSC अफसर की शिकायत पर FIR दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो बनाने वाला अभ्यर्थी SI भर्ती परीक्षा में शामिल नहीं हुआ था, बल्कि अगले दिन आयोजित RAS मॉक टेस्ट में शामिल हुआ था।
परीक्षा केंद्र के वीडियो से शुरू हुआ विवाद
20 सितंबर को आयोजित SI भर्ती री-एग्जाम के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया। इसमें जयपुर के एक परीक्षा केंद्र के अंदर लगा व्हाइट बोर्ड, क्वेश्चन पेपर और OMR शीट मोबाइल से रिकॉर्ड किए गए थे। वीडियो सामने आने के बाद RPSC अजमेर के अनुभाग अधिकारी ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर जीरो नंबर FIR दर्ज कर मामला जयपुर के महेश नगर थाने भेजा गया। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे परीक्षा केंद्र की पहचान जयपुर के महेश नगर इलाके की गंगा विहार कॉलोनी स्थित कल्याण पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के रूप में हुई।
व्हाइट बोर्ड पर SI परीक्षा का कोड और रोल नंबर सीरीज मिली
पुलिस जांच में सामने आया कि स्कूल का कलाम एकेडमी, जयपुर के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के मॉक टेस्ट आयोजित कराने का अनुबंध था। 20 सितंबर को यहां SI भर्ती री-एग्जाम आयोजित हुआ था।
अगले दिन यानी 21 सितंबर को इसी सेंटर के बेसमेंट-ए में कलाम एकेडमी की ओर से RAS परीक्षा का मॉक टेस्ट कराया गया। जांच के अनुसार, SI परीक्षा के बाद व्हाइट बोर्ड को साफ नहीं किया गया था।
व्हाइट बोर्ड पर परीक्षा केंद्र का कोड 16-0253, परीक्षा का नाम और 3796881 से 3796904 तक रोल नंबर सीरीज लिखी हुई थी। यही जानकारी बाद में सामने आए वीडियो में दिखाई दी।
पुलिस के मुताबिक, वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने 21 सितंबर को RAS मॉक टेस्ट के दौरान वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
वीडियो बनाने वाला SI री-एग्जाम में नहीं हुआ था शामिल
एडिशनल डीसीपी (SIUCAW) जिज्ञासा के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला कि वीडियो बनाने वाले कैंडिडेट ने SI भर्ती परीक्षा-2021 का फॉर्म ही नहीं भरा था। वह 20 सितंबर को हुए SI री-एग्जाम में शामिल नहीं हुआ था।
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित व्यक्ति ने 21 सितंबर को कलाम एकेडमी की ओर से आयोजित RAS परीक्षा के मॉक टेस्ट में हिस्सा लिया था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसने परीक्षा केंद्र में मौजूद व्हाइट बोर्ड और मॉक टेस्ट की OMR समेत अन्य चीजों का वीडियो बनाया।
20 सितंबर को 11 जिलों में हुआ था SI री-एग्जाम
पेपर लीक के कारण रद्द की गई SI भर्ती परीक्षा-2021 की पुनर्परीक्षा 20 सितंबर को राजस्थान के 11 जिलों में आयोजित की गई थी। इसके लिए कुल 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जयपुर में सबसे अधिक 187 केंद्र थे।
परीक्षा दो पारियों में हुई। पहली पारी में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य हिंदी का पेपर कराया गया। इसमें 69.58% अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
दूसरी पारी में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक सामान्य ज्ञान और सामान्य विज्ञान की परीक्षा हुई। आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस पारी के लिए प्रदेशभर में 2,18,114 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,50,559 ने परीक्षा दी। उपस्थिति प्रतिशत 69.03% रहा।
परीक्षा के दौरान प्रदेश के अलग-अलग केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। अब वायरल वीडियो मामले में पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि परीक्षा केंद्र से जुड़ी सामग्री वीडियो में कैसे रिकॉर्ड हुई और उसे सोशल मीडिया पर किस तरह प्रसारित किया गया।











