अमेरिका द्वारा सऊदी अरब को F-35 स्टील्थ फाइटर जेट देने के ट्रंप के ऐलान से मिडिल ईस्ट में हलचल बढ़ गई है। इजरायल ने इस फैसले को क्षेत्रीय शक्ति संतुलन के लिए खतरा बताते हुए औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई है।
World Update: अमेरिका द्वारा सऊदी अरब को एडवांस F-35 स्टील्थ फाइटर जेट देने की घोषणा ने मिडिल ईस्ट के हालात को अचानक बदल दिया है। सऊदी लंबे समय से अमेरिका से बड़ी संख्या में अत्याधुनिक फाइटर जेट मांग रहा था और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है। अमेरिका की इस घोषणा के बाद इजरायल की चिंता काफी बढ़ गई है क्योंकि इजरायल कभी नहीं चाहेगा कि किसी भी अरब देश के पास ऐसा एडवांस स्टील्थ जेट हो जो उसकी हवाई बढ़त को चुनौती दे सके।
ट्रंप और MBS की मुलाकात से बढ़ी इजरायल की बेचैनी
मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की मुलाकात ने इजरायल की सुरक्षा एजेंसियों में हलचल पैदा कर दी है। इस मुलाकात के बाद ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका सऊदी को F-35 फाइटर जेट उपलब्ध कराएगा। इस घोषणा ने इजरायल को झटका दिया है क्योंकि वह दशकों से अपनी हवाई श्रेष्ठता को बनाए रखने के लिए क्षेत्र के अन्य देशों को ऐसे हथियार मिलने का विरोध करता आया है।
इजरायल ने अमेरिका के इस कदम पर औपचारिक रूप से आपत्ति जताई है और कहा है कि यह सौदा क्षेत्र में शक्ति संतुलन को प्रभावित कर सकता है।
इजरायली सेना (IDF) ने जताई गहरी चिंता
इजरायल की सेना IDF ने साफ कहा है कि अमेरिका और सऊदी के बीच F-35 फाइटर जेट्स की डील उनकी सुरक्षा रणनीति को कमजोर कर सकती है। IDF का मानना है कि अगर सऊदी को एडवांस स्टील्थ जेट मिलते हैं, तो इजरायल की हवाई बढ़त खतरे में पड़ जाएगी।
स्थानीय अखबार 'द टाइम्स ऑफ इजरायल' की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली वायुसेना ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार को एक औपचारिक पोजिशन पेपर सौंपा है जिसमें डील पर कड़ा विरोध जताया गया है। वायुसेना का कहना है कि यह उनकी लंबे समय से चली आ रही सुरक्षा नीति के खिलाफ है जिसमें इजरायल को मिडिल ईस्ट में हवाई युद्ध क्षमता के मामले में सर्वोच्च बनाए रखने की रणनीति शामिल है।
F-35 डील पर इजरायल का आधिकारिक रुख
इजरायली सेना के डॉक्यूमेंट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि F-35 की बिक्री पर उन्हें आपत्ति है और यह उनका आधिकारिक रुख है। डॉक्यूमेंट में लिखा है कि अगर मिडिल ईस्ट के अन्य देशों को भी ये एडवांस स्टील्थ जेट मिलते हैं, तो इजरायल की हवाई बढ़त कमजोर पड़ेगी। इजरायल पहले भी कई मौकों पर कह चुका है कि F-35 जैसी क्षमताओं वाला जेट सिर्फ उसके पास होना चाहिए ताकि वह किसी भी संभावित खतरे का सामना कर सके।
इजरायल की सुरक्षा रणनीति हमेशा से ‘Qualitative Military Edge’ यानी QME बनाए रखने पर आधारित रही है। इसी कारण वह चाहता है कि अमेरिका उसके पड़ोसी देशों को इस तरह की हाई-टेक मिलिट्री टेक्नोलॉजी न दे।
पहले भी इजरायल ने रोकी थी F-35 की बिक्री
![]()
यह पहला मौका नहीं है जब इजरायल ने किसी अरब या पड़ोसी देश को F-35 मिलने का विरोध किया है। इससे पहले तुर्की और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी इस जेट को खरीदने की कोशिश की थी। उस समय भी इजरायल ने अमेरिकी प्रशासन पर दबाव डालकर डील को रोकवाने में अहम भूमिका निभाई थी।
इजरायल का मानना है कि मिडिल ईस्ट की जटिल भू-राजनीति और लगातार बदलते रिश्तों के बीच उसकी सुरक्षा सिर्फ तभी सुरक्षित है जब वह इस क्षेत्र का सबसे एडवांस एयर फोर्स देश बना रहे।
कितने F-35 मांग रहा है सऊदी
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, सऊदी अरब ने अमेरिका से लगभग 48 F-35 फाइटर जेट्स की मांग की है। भले ही यह डील अंतिम रूप ले चुकी है, लेकिन पहले जेट की डिलीवरी में कम से कम सात साल लगने की संभावना है। इसके बावजूद इजरायल इसे लेकर चिंतित है क्योंकि उनका मानना है कि सऊदी जैसे देश की मिलिट्री क्षमता में इतनी बड़ी बढ़ोतरी पूरी क्षेत्रीय सुरक्षा संरचना को बदल देगी।
अमेरिकी एजेंसियां भी चिंतित
इजरायल की चिंताओं में अमेरिका के खुफिया और रक्षा अधिकारी भी शामिल हैं। पिछले हफ्ते द न्यूयॉर्क टाइम्स ने रिपोर्ट किया कि कुछ अमेरिकी अधिकारी भी इस डील को लेकर शंकित हैं। उनका मानना है कि सऊदी जैसे देश को F-35 जैसे एडवांस फाइटर जेट देना न सिर्फ इजरायल की सैन्य बढ़त को कम करेगा, बल्कि F-35 की संवेदनशील टेक्नोलॉजी के लीक होने का खतरा भी बढ़ाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की एक चिंता यह भी है कि सऊदी अरब और चीन के बीच बढ़ते संबंधों के कारण यह टेक्नोलॉजी चीन तक पहुंच सकती है। यह बात अमेरिका के लिए भी बड़ी सुरक्षा चुनौती बन सकती है।
F-35 क्यों है इतना महत्वपूर्ण
F-35 फाइटर जेट आज दुनिया के सबसे एडवांस फाइटर जेट्स में शामिल है। यह स्टील्थ टेक्नोलॉजी के जरिए दुश्मन के रडार से बच सकता है और बेहद जटिल मिशन को भी सटीक तरीके से अंजाम दे सकता है।
इजरायल लगभग एक दशक से F-35 ऑपरेट कर रहा है और उसने इसके कई स्क्वाड्रन तैयार कर लिए हैं। वर्तमान में इजरायली वायुसेना के पास 45 F-35 जेट हैं और 30 और जेट्स का ऑर्डर दिया गया है। इस वजह से इजरायल इस क्षेत्र का एकमात्र देश है जिसके पास यह क्षमता मौजूद है।
मिडिल ईस्ट में शक्ति संतुलन पर संभावित असर
सऊदी को F-35 दिए जाने के बाद मध्य पूर्व में शक्ति संतुलन बदल सकता है। इजरायल की चिंता है कि उसका दशकों से चला आ रहा ‘एयर डॉमिनेंस’ कमज़ोर पड़ जाएगा। मिडिल ईस्ट के देशों के बीच रिश्ते अक्सर उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं और ऐसे में एडवांस हथियारों का प्रसार तनाव बढ़ा सकता है।
इजरायल का मानना है कि अगर उसके पड़ोसी देशों के पास भी यह जेट होगा, तो किसी भी संघर्ष की स्थिति में उसका रणनीतिक बढ़त कम हो जाएगी। इजरायल इसे कभी मंजूर नहीं करना चाहता क्योंकि उसकी सुरक्षा संरचना का बड़ा हिस्सा उसकी एयर फोर्स पर आधारित है।











