एलन मस्क की कंपनी SpaceX के शेयर में हाल के दिनों में गिरावट का दौर देखा जा रहा है। पिछले सप्ताह शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत और तेजी के बाद इसमें अब लगातार दबाव बन गया है।
बिजनेस न्यूज़: एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी SpaceX के शेयरों में अमेरिकी स्टॉक मार्केट में जोरदार शुरुआत के बाद अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले दो कारोबारी सत्रों में कंपनी के शेयर करीब 18 प्रतिशत तक टूट गए, जिससे निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ है। इस तेज गिरावट के चलते कंपनी का मार्केट कैप लगभग 0.50 ट्रिलियन डॉलर (करीब 47 लाख करोड़ रुपये) तक घट गया है।
शुरुआत में SpaceX के शेयरों ने वॉल स्ट्रीट पर ऐतिहासिक रफ्तार दिखाई थी और कंपनी की वैल्यूएशन 2 ट्रिलियन डॉलर से ऊपर पहुंच गई थी, लेकिन अब तेजी पर ब्रेक लग गया है और बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ गया है।
दो दिन में 18% की गिरावट, निवेशकों को भारी नुकसान
रिपोर्ट्स के अनुसार, 17 जून को SpaceX के शेयरों में लगभग 5% की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद 18 जून को शेयर करीब 3.5% टूटकर 185 डॉलर के स्तर पर बंद हुआ। इंट्राडे कारोबार में यह गिरावट 6% से अधिक तक पहुंच गई थी। हालांकि 19 जून को अमेरिकी बाजार जूनटींथ (Juneteenth) के कारण बंद रहे, लेकिन उससे पहले दो कारोबारी सत्रों में ही कंपनी के शेयरों ने लगभग 18% का नुकसान दर्ज कर दिया था। इस गिरावट का सीधा असर कंपनी की वैल्यूएशन पर पड़ा, जिससे निवेशकों के अरबों डॉलर स्वाहा हो गए।
मार्केट कैप में 50 हजार करोड़ डॉलर की गिरावट
![]()
16 जून को SpaceX का शेयर 225.64 डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था, और उस समय कंपनी का मार्केट कैप लगभग 2.94 ट्रिलियन डॉलर था। लेकिन गुरुवार तक बाजार बंद होने पर यह घटकर 2.44 ट्रिलियन डॉलर पर आ गया। इसका मतलब है कि सिर्फ दो दिनों में कंपनी के मार्केट कैप में लगभग 0.50 ट्रिलियन डॉलर (करीब 50,000 करोड़ डॉलर) की भारी गिरावट दर्ज की गई। भारतीय मुद्रा में यह नुकसान लगभग 47 लाख करोड़ रुपये के बराबर है।
विश्लेषकों के अनुसार, SpaceX के शेयरों में यह गिरावट एक तेज रैली के बाद आई मुनाफावसूली (profit booking) का परिणाम है। पिछले सप्ताह कंपनी ने अमेरिकी स्टॉक मार्केट में शानदार एंट्री की थी और इसकी वैल्यूएशन तेजी से बढ़ी थी। IPO विशेषज्ञों का मानना है कि शुरुआती उत्साह के बाद निवेशकों ने कंपनी के वास्तविक मूल्यांकन पर पुनर्विचार शुरू किया, जिससे बिकवाली का दबाव बढ़ गया।
IPOX Schuster की विश्लेषक कैट लियू के अनुसार, “इतिहास के सबसे बड़े आईपीओ में से एक के बाद इस तरह की अस्थिरता सामान्य है, खासकर जब शुरुआती उत्साह अधिक हो।”
AI निवेश और उच्च वैल्यूएशन ने बढ़ाई चिंता
विशेषज्ञों का कहना है कि SpaceX के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और अन्य उभरती तकनीकों में बढ़ते निवेश ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया है। बढ़ते खर्च और भविष्य की अनिश्चित कमाई को देखते हुए कुछ निवेशकों ने जोखिम कम करने के लिए अपनी हिस्सेदारी घटानी शुरू कर दी है। उच्च वैल्यूएशन और सीमित सार्वजनिक फ्लोट (public float) के कारण शेयर में तेज उतार-चढ़ाव की आशंका पहले से जताई जा रही थी।
वैंडा रिसर्च के आंकड़ों के अनुसार, शुरुआती दिनों में रिटेल निवेशकों ने भारी खरीदारी की थी। पिछले तीन सत्रों में उन्होंने नेट बेसिस पर 300 मिलियन डॉलर से अधिक के शेयर खरीदे थे। लेकिन बाजार में गिरावट के साथ यह रुझान तेजी से बदल गया और गुरुवार दोपहर तक यह नेट खरीद घटकर केवल 9.1 मिलियन डॉलर रह गई।









