क्रिकेट इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में शुमार सर डॉन ब्रैडमैन की पहनी हुई एक ऐतिहासिक बैगी ग्रीन कैप अगले महीने नीलामी के लिए पेश की जाएगी।
स्पोर्ट्स न्यूज़: क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन की पहनी हुई एक ऐतिहासिक बैगी ग्रीन कैप अगले महीने नीलामी के लिए पेश की जाएगी। ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित लॉयड्स ऑक्शन में यह कैप बिक्री के लिए रखी जाएगी, और अनुमान लगाया जा रहा है कि इसकी कीमत एक मिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पहनी गई थी कैप
यह खास कैप ब्रैडमैन ने 1947-48 की भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान पहनी थी। उस समय यह कैप व्यक्तिगत रूप से एक साथी टेस्ट क्रिकेटर को उपहार में दी गई थी। तब से यह कैप 75 वर्षों से एक ही परिवार के पास सुरक्षित रही है और अब तक न तो इसे सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया और न ही नीलामी के लिए पेश किया गया।
ब्रैडमैन का भारत के खिलाफ यह सीरीज क्रिकेट प्रेमियों के लिए ऐतिहासिक रही। 1928 से 1949 तक खेले गए 52 टेस्ट मैचों में उन्होंने कुल 29 शतक जड़े और क्रिकेट के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। यही कारण है कि इस कैप का भारत से जुड़ाव इसे और भी महत्वपूर्ण बनाता है।

ब्रैडमैन की दुर्लभ बैगी ग्रीन कैप
ब्रैडमैन के दौर में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के पास आज की तरह एक कैप स्थायी नहीं होती थी। हर टेस्ट सीरीज के लिए अलग बैगी ग्रीन कैप दी जाती थी। यही वजह है कि यह कैप अत्यंत दुर्लभ और ऐतिहासिक मानी जा रही है। लॉयड्स ऑक्शन के विशेषज्ञ ली हेम्स ने कहा, यह क्रिकेट इतिहास का एक असली और दुर्लभ हिस्सा है।
75 सालों तक एक ही परिवार के पास रहना और इसे ‘द डॉन’ से सीधे जुड़ा होना इसे विशेष बनाता है। ब्रैडमैन की यह कैप न केवल क्रिकेट memorabilia के शौकीनों के लिए, बल्कि इतिहास और खेल संस्कृति के प्रेमियों के लिए भी अनमोल है।
नीलामी का प्रोसेस और शुरुआती बोली
ब्रैडमैन की यह बैगी ग्रीन कैप 26 जनवरी 2026 को नीलामी के लिए पेश की जाएगी। इसमें दुनिया भर के निजी कलेक्टर्स, संग्रहालय, संस्थान और क्रिकेट प्रेमी बोली में हिस्सा ले सकते हैं। इस नीलामी की शुरुआती बोली मात्र 1 डॉलर से शुरू होगी। विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस कैप के लिए बोली करोड़ों में जा सकती है।
सर डॉन ब्रैडमैन ने 1948 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया। उनका 99.94 का करियर बल्लेबाजी औसत आज भी क्रिकेट के इतिहास में सबसे महान उपलब्धियों में गिना जाता है। ब्रैडमैन को क्रिकेट का प्रतीक माना जाता है और उनके memorabilia की कलेक्शन हमेशा उच्च मूल्य में बिकती है। इससे पहले ब्रैडमैन की 1928 की डेब्यू सीरीज वाली पहली बैगी ग्रीन कैप साल 2020 में 4.5 लाख डॉलर में बिकी थी।
वहीं अब तक बैगी ग्रीन कैप के लिए सबसे महंगी बिक्री का रिकॉर्ड शेन वॉर्न के नाम है, जिनकी कैप 2019-20 की ऑस्ट्रेलियाई बुशफायर राहत के लिए 1,007,500 डॉलर में बिकी थी।












