सर्दियों में घी, तली-भुनी चीजें, रेड मीट और अधिक मीठा खाने से बैड कोलेस्ट्रॉल तेजी से बढ़ सकता है। डॉ. सुभाष गिरि के मुताबिक, नियमित एक्सरसाइज, हरी सब्जियां और फल डाइट में शामिल करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल में रहता है और हार्ट से जुड़ी समस्याओं का खतरा कम होता है।
Winter Cholesterol Alert: सर्दियों में खानपान और जीवनशैली के बदलाव से बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का खतरा अधिक रहता है। न्यू दिल्ली में आरएमएल हॉस्पिटल के डॉ. सुभाष गिरि ने बताया कि घी, तली-भुनी चीजें, रेड मीट और ज्यादा मीठा खाने से LDL कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है। रोज़ाना 30 मिनट वॉक, ताजे फल और हरी सब्जियों को डाइट में शामिल करना, और महीने में कोलेस्ट्रॉल जांच कराना इस मौसम में सेहत के लिए जरूरी है।
घी और तली-भुनी चीजों से बचें
डॉ. गिरि बताते हैं कि घी में सैचुरेटेड फैट अधिक होता है, जो कोलेस्ट्रॉल को तेजी से बढ़ा सकता है। सर्दियों में सब्जियों में घी का सीमित मात्रा में इस्तेमाल ही सुरक्षित है।
साथ ही समोसा, कचौड़ी और पकौड़े जैसी तली-भुनी चीजें रिफाइंड तेल में तैयार होती हैं। इन्हें अधिक खाने से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है, जिससे दिल और ब्लड सर्कुलेशन पर असर पड़ सकता है।

रेड मीट और मीठे का सेवन कम करें
रेड मीट में अधिक मात्रा में फैट और कोलेस्ट्रॉल होता है। इसका अत्यधिक सेवन हार्ट के मरीजों के लिए खतरा बढ़ा सकता है। डॉ. गिरि सलाह देते हैं कि इसे सीमित मात्रा में ही खाया जाए।
इसके अलावा, सर्दियों में अधिक मीठा खाने से भी बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है। इसलिए ताजे फल और हरी सब्जियों को डाइट में शामिल करना और मीठे पर नियंत्रण रखना जरूरी है।
सर्दियों में स्वस्थ आदतें अपनाएं
डॉक्टरों के अनुसार, रोज़ाना 30 मिनट वॉक या हल्की एक्सरसाइज करना जरूरी है। कोलेस्ट्रॉल की महीने में कम से कम एक बार जांच करवाएं।
साथ ही अगर सीने में तेज दर्द, सांस फूलना, थकान या बेचैनी जैसी समस्या दिखे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। ये लक्षण दिल की गंभीर समस्या का संकेत हो सकते हैं।













