भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार सुबह सुस्ती रही। सेंसेक्स और निफ्टी हल्की गिरावट के साथ खुले। आईटी और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली से बाजार दबाव में रहा, जबकि मेटल सेक्टर में बढ़त दर्ज की गई। महंगाई घटने से निवेशकों में उम्मीद बढ़ी।
Stock Market Update: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार सुबह हल्की गिरावट देखने को मिली। तीन दिन की लगातार तेजी के बाद निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में सुस्ती रही। शुरुआती कारोबार में आईटी और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में बिकवाली ने बाजार की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।
सुस्त शुरुआत के साथ खुले प्रमुख इंडेक्स
सुबह 9:15 बजे तक सेंसेक्स 94.43 अंक गिरकर 84,372.08 पर था। वहीं, निफ्टी 31.80 अंक टूटकर 25,844 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। बाजार में सेक्टोरल रुझान (sectoral trends) मिले-जुले रहे। मेटल सेक्टर में मजबूती बनी रही, जबकि आईटी और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में दबाव दिखा।
आईटी और बैंकिंग शेयरों ने खींचा बाजार नीचे
आईटी इंडेक्स में 0.34 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.17 प्रतिशत फिसल गया, जिससे बाजार की समग्र भावना कमजोर हुई। इसके विपरीत निफ्टी मेटल इंडेक्स 0.91 प्रतिशत चढ़ा और बढ़त में सबसे आगे रहा। मीडिया इंडेक्स में भी 0.43 प्रतिशत की मजबूती देखी गई। हालांकि ऑटो, ऑयल एंड गैस और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टरों में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
अन्य सेक्टरों में मिला-जुला रुख
निफ्टी बैंक, एनर्जी, एफएमसीजी, इंफ्रा, फार्मा, पीएसयू बैंक और रियल्टी इंडेक्स में कोई खास मूवमेंट नहीं दिखा। ये सेक्टर लगभग फ्लैट कारोबार करते रहे। वहीं, इंडिया VIX 3 प्रतिशत गिरकर 11.75 पर आ गया, जो दर्शाता है कि बाजार में इस समय घबराहट नहीं है।
महंगाई घटने से निवेशकों में उम्मीदें बढ़ीं
अक्टूबर महीने में देश की रिटेल महंगाई दर घटकर 0.25 प्रतिशत रह गई, जो 2013 में इस सीरीज की शुरुआत के बाद सबसे निचला स्तर है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि महंगाई में इस गिरावट से उम्मीद है कि RBI अपनी दिसंबर बैठक में ब्याज दरों में और कटौती कर सकता है।










