27 जनवरी 2026 को शेयर बाजार सपाट शुरुआत के बाद तेज बिकवाली की चपेट में आ गया। सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा टूट गया जबकि निफ्टी 25,000 के नीचे फिसल गया। निवेशक ग्लोबल संकेतों और FTA अनिश्चितता को लेकर सतर्क दिखे।
Stock Market: एशियाई बाजारों से मिलेजुले संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार, 27 जनवरी 2026 को सपाट शुरुआत के साथ खुले, लेकिन खुलते ही बाजार में जोरदार बिकवाली देखने को मिली। शुरुआती बढ़त ज्यादा देर टिक नहीं पाई और कुछ ही मिनटों में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में फिसल गए।
बीएसई सेंसेक्स सपाट रुख के साथ 81,436 अंक पर खुला, लेकिन सुबह 9:25 बजे तक यह 424 अंक या 0.52 प्रतिशत टूटकर 81,113.53 के स्तर पर आ गया। वहीं, एनएसई निफ्टी-50 भी 25,063 अंक पर सपाट खुलने के बाद 112 अंक की गिरावट के साथ 25,019 के आसपास ट्रेड करता दिखा।
गिरावट की बड़ी वजह क्या रही
आज बाजार में कमजोरी की सबसे बड़ी वजह निवेशकों का सतर्क रुख माना जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की नई टैरिफ धमकी से ग्लोबल ट्रेड को लेकर चिंता बढ़ी है। इसके अलावा भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की औपचारिक घोषणा से पहले भी निवेशक बड़े दांव लगाने से बचते नजर आए।
साथ ही, निफ्टी की वीकली एक्सपायरी होने के कारण भी बाजार में उतार-चढ़ाव और दबाव देखने को मिला।
सेक्टोरल प्रदर्शन में हर तरफ लाल निशान
सेक्टोरल लेवल पर मेटल सेक्टर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरिएन्स और रियल्टी सेक्टर में करीब 1 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
ऑटो स्टॉक्स पर खास दबाव देखा गया। यूरोप से गाड़ियों के आयात पर टैरिफ कम होने की संभावनाओं से घरेलू ऑटो कंपनियों पर दबाव बढ़ा, जिससे इस सेक्टर में बिकवाली तेज रही। बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली।
भारत-EU FTA पर बाजार की नजर
निवेशकों का फोकस आज भारत और यूरोपीय संघ के बीच होने वाली मुक्त व्यापार समझौते की औपचारिक घोषणा पर टिका हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के साथ मिलकर इस नई ट्रेड पार्टनरशिप की नींव रखेंगे।
इस समझौते से लंबी अवधि में एक्सपोर्ट, मैन्युफैक्चरिंग और इंडस्ट्रियल सेक्टर को फायदा मिलने की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है।
इस हफ्ते किन फैक्टर्स पर रहेगी नजर
इस सप्ताह बाजार की दिशा कई अहम घरेलू और वैश्विक फैक्टर्स पर निर्भर करेगी। इनमें भारत-अमेरिका ट्रेड डील, केंद्रीय बजट 2026, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति बैठक और बड़ी कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजे शामिल हैं।
इसके अलावा ग्रीनलैंड से जुड़े भू-राजनीतिक घटनाक्रम और वैश्विक ट्रेड टेंशन भी निवेशकों की रणनीति को प्रभावित कर सकते हैं।
ग्लोबल मार्केट्स से मिले-जुले संकेत
वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशियाई शेयर बाजारों में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया पर ज्यादा टैरिफ लगाने की चेतावनी दी, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ी।
हालांकि शुरुआती गिरावट के बाद दक्षिण कोरिया का कॉपी इंडेक्स संभल गया और करीब 0.7 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स भी आखिरी अपडेट तक करीब 0.1 प्रतिशत ऊपर कारोबार करता दिखा।
अमेरिकी बाजारों का रुख
सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुए। निवेशक इस हफ्ते आने वाले बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों और फेडरल रिजर्व की बैठक का इंतजार कर रहे हैं।
एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.50 प्रतिशत, नैस्डैक कंपोजिट 0.43 प्रतिशत और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। अमेरिकी बाजारों की यह मजबूती भारतीय बाजार को कुछ हद तक सपोर्ट दे सकती है, लेकिन फिलहाल घरेलू कारकों का असर ज्यादा दिख रहा है।
आज आने वाले Q3 Results
आज बाजार बंद होने से पहले कई बड़ी और मिडकैप कंपनियां अपने तीसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान करने वाली हैं। इनमें एशियन पेंट्स, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, वोडाफोन आइडिया, विशाल मेगा मार्ट, सुमितोमो केमिकल इंडिया, प्राइम फोकस, रामकृष्णा फोर्जिंग्स, वीवर्क इंडिया मैनेजमेंट, रेमंड लाइफस्टाइल, सनटेक रियल्टी, वैभव ग्लोबल, आरपीजी लाइफ साइंसेज, रेमंड रियल्टी, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, टिप्स फिल्म्स, मैरिको, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज, मेट्रो ब्रांड्स, पीसी ज्वैलर, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स, मोनोलिथिश इंडिया और बिकाजी फूड्स इंटरनेशनल शामिल हैं।
इन नतीजों का असर संबंधित शेयरों के साथ-साथ पूरे बाजार की चाल पर भी देखने को मिल सकता है।











