सुरक्षा अलर्ट के बाद दिल्ली में सख्ती, लाल किला तीन दिन बंद और कई रास्ते सील

सुरक्षा अलर्ट के बाद दिल्ली में सख्ती, लाल किला तीन दिन बंद और कई रास्ते सील

दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में धमाका होने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचे। सुरक्षा कारणों से लाल किला अगले तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है, जबकि आसपास के इलाकों में कड़ी जांच जारी है।

दिल्ली: लाल किला क्षेत्र सोमवार (10 नवंबर) की शाम दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक चलती कार में हुए धमाके ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद कार में धुआं उठने लगा और आसपास अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने तुरंत इलाके को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी। सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी है और मेट्रो स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। एहतियातन लाल किला को अगले तीन दिनों तक पर्यटकों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया है।

सुरक्षा बढ़ी, नेताजी सुभाष मार्ग आज के लिए बंद

दिल्ली में सुरक्षा कारणों से आज (11 नवंबर) नेताजी सुभाष मार्ग के दोनों ओर के रास्ते और सर्विस रोड को ट्रैफिक पुलिस ने बंद कर दिया है। चट्टा रेल कट से लेकर सुभाष मार्ग कट तक किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह प्रतिबंध सुबह 6 बजे से अगले आदेश तक जारी रहेगा। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि यातायात जाम और असुविधा से बचा जा सके। सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती के साथ इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

सुरक्षा के मद्देनज़र लाल किला 3 दिन सील

दिल्ली में हुए धमाके की घटना के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने एहतियाती कदम उठाते हुए लाल किला को अगले तीन दिनों के लिए बंद कर दिया है। इस अवधि में किसी भी पर्यटक या आम नागरिक को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला जांच और सुरक्षा व्यवस्था को बिना बाधा जारी रखने के उद्देश्य से लिया गया है। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लाल किला परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रख रही हैं।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज, जांच तेज़ी से आगे बढ़ी

दिल्ली पुलिस ने लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के मामले में यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। डीसीपी नॉर्थ राजा बंथिया के मुताबिक, जांच तेजी से जारी है और दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एफएसएल समेत कई विशेष एजेंसियों की टीमें घटनास्थल पर लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।

शुरुआती जांच में जुटी कई टीमें, मिले अहम सुराग

अधिकारियों का कहना है कि जांच फिलहाल शुरुआती चरण में है, इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही हैं। एफएसएल और एनएसजी की टीमें विस्फोट के तकनीकी पहलुओं का विश्लेषण कर रही हैं ताकि धमाके में इस्तेमाल विस्फोटक की प्रकृति और स्रोत का पता लगाया जा सके।

एलएनजेपी अस्पताल में चल रही मेडिकल जांच

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि एलएनजेपी अस्पताल में मृतकों के पोस्टमार्टम का सिलसिला जारी है। अब तक पांच पोस्टमार्टम पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ शवों की पहचान प्रक्रिया जारी है। मेडिकल टीम फॉरेंसिक एविडेंस एकत्र कर रही है, जो आगे की जांच में अहम भूमिका निभाएगा।

अज्ञात शवों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस ने अब तक छह शवों की पहचान कर ली है, जबकि एक या दो शव अभी भी अज्ञात हैं। इनकी पहचान के लिए डीएनए सैंपलिंग की जा रही है और परिजनों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है। अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि जल्द ही सभी पीड़ितों की पहचान पूरी हो जाएगी।

Leave a comment