नई रिसर्च से सामने आया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का पर्यावरण पर असर तेजी से बढ़ रहा है। AI को चलाने वाले डेटा सेंटर्स भारी मात्रा में पानी और ऊर्जा खर्च कर रहे हैं। अनुमान है कि 2025 तक AI की पानी खपत वैश्विक बोतलबंद पानी की खपत से भी ज्यादा हो सकती है।
Artificial Intelligence Impact on Environment: साल 2025 में AI सिस्टम्स के बढ़ते इस्तेमाल ने पर्यावरण को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। डच शोधकर्ता एलेक्स डी व्रीस-गाओ के नेतृत्व में हुई स्टडी के मुताबिक, AI को सपोर्ट करने वाले डेटा सेंटर्स हर साल सैकड़ों अरब लीटर पानी और बड़ी मात्रा में ऊर्जा खर्च कर रहे हैं। यह रिसर्च वैश्विक स्तर पर की गई, जिसमें गूगल, मेटा और अमेजन जैसी कंपनियों के डेटा का विश्लेषण किया गया। रिपोर्ट बताती है कि AI की रोजाना उपयोग वाली गतिविधियां, न कि सिर्फ मॉडल ट्रेनिंग, पानी और कार्बन उत्सर्जन की सबसे बड़ी वजह बन रही हैं।
AI पानी कैसे ‘खर्च’ करता है
AI खुद पानी नहीं पीता, लेकिन उसके पीछे चलने वाले डेटा सेंटर्स भारी मात्रा में पानी का इस्तेमाल करते हैं। ChatGPT, गूगल या अन्य AI प्लेटफॉर्म जिन सर्वरों पर चलते हैं, वे लगातार गर्म होते रहते हैं। इन्हें ठंडा रखने के लिए वॉटर कूलिंग सिस्टम का सहारा लिया जाता है, जिसमें लाखों लीटर पानी खप जाता है।
इसके अलावा, AI मॉडल को ट्रेन करने और चलाने में जो बिजली लगती है, उस बिजली के उत्पादन में भी अप्रत्यक्ष रूप से पानी की खपत होती है। कुछ अनुमानों के मुताबिक, एक साधारण AI क्वेरी का जवाब देने में भी कुछ मिलीलीटर पानी खर्च हो सकता है, जो करोड़ों यूजर्स के साथ मिलकर बड़ी मात्रा बन जाता है।
रिसर्च क्या कहती है पर्यावरणीय असर पर
The carbon and water footprints of data centres and what this could mean for artificial intelligence नाम की इस स्टडी का नेतृत्व डच शोधकर्ता एलेक्स डी व्रीस-गाओ ने किया। शोध में बताया गया कि कंपनियां अपने पर्यावरणीय आंकड़ों में AI और अन्य वर्कलोड को अलग-अलग नहीं दिखातीं, जिससे सटीक आकलन मुश्किल हो जाता है।
इसी वजह से शोधकर्ताओं ने गूगल, मेटा और अमेजन जैसी टेक कंपनियों की पर्यावरणीय रिपोर्ट्स, औसत उत्सर्जन और पानी की खपत के आंकड़ों का विश्लेषण कर अनुमान लगाए। नतीजा यह निकला कि 2025 में AI से जुड़ा कार्बन उत्सर्जन 3.26 करोड़ से 7.97 करोड़ टन CO₂ तक हो सकता है, जबकि पानी की खपत 312 से 764 अरब लीटर सालाना पहुंच सकती है।
ट्रेनिंग से ज्यादा रोजाना इस्तेमाल का असर
रिसर्च का एक अहम निष्कर्ष यह भी है कि पर्यावरण पर सबसे ज्यादा दबाव AI मॉडल की ट्रेनिंग से नहीं, बल्कि उनके रोजाना इस्तेमाल से पड़ता है। यूजर्स के सवाल, इमेज और वीडियो जनरेशन और डिजिटल असिस्टेंट्स की लगातार गतिविधि डेटा सेंटर्स पर भारी लोड डालती है।
हालांकि डेटा सेंटर्स को ज्यादा एनर्जी-एफिशिएंट बनाने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन AI का तेजी से बढ़ता इस्तेमाल इन सुधारों के असर को कम कर रहा है। आसान शब्दों में कहें तो टेक्नोलॉजी बेहतर हो रही है, पर उसकी मांग उससे कहीं तेज रफ्तार से बढ़ रही है।










